
महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद गरमाया
Maharashtra Karnataka Border Dispute: महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच सीमा विवाद गहराता चला जा रहा है। मंगलवार को दोनों राज्यों के सीमा क्षेत्र के अंदर एक-दूसरे के वाहनों को निशाना बनाये जाने से तनातनी और बढ़ गई। बेलगाम (Belgaum) पर दावेदारी को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है। विवाद बढ़ने के बीच दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने बीती रात फोन पर एक-दूसरे से बात की और शांति तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने पर सहमति जताई।
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कर्नाटक के सीएम बसवराज बोम्मई से बात की और महाराष्ट्र के वाहनों पर कर्नाटक में पथराव किये जाने की खबरों पर चर्चा की। फडणवीस ने कहा कि वह इस विषय को केंद्र के समक्ष उठाएंगे। मीडिया से बात करते हुए फडणवीस ने कहा “मैंने स्वयं कर्नाटक के मुख्यमंत्री से बात की है और उन्हें कहा है कि इस प्रकार की घटना होना ठीक नहीं है। अगर महाराष्ट्र की गाड़ियों पर हमला हो रहा है तो ये ठीक नहीं है।“ यह भी पढ़े-महाराष्ट्र के सब्र की परीक्षा न लें... वर्ना... शरद पवार ने कर्नाटक सरकार और केंद्र को दी चेतावनी
उन्होंने कहा “मुझे सीएम बोम्मई ने आश्वस्त किया है कि वो इस पर कार्रवाई करेंगे। मैं इस मामले को देश के गृह मंत्री अमित शाह तक लेकर जाऊंगा। मुझे लगता है कि जो मामला सुप्रीम कोर्ट में चल रहा उस पर हिंसा हो, ये ठीक नहीं है।”
MSRTC, KSRTC की बसें फिर रुकीं
बुधवार को एक बार फिर महाराष्ट्र परिवहन की एमएसआरटीसी और कर्नाटक परिवहन की केएसआरटीसी की बस सेवाओं को रोक दिया गया। कानून व्यवस्था को देखते हुए कर्नाटक पुलिस और परिवहन विभाग ने बसों को रोकने का आदेश दिया था। इसके बाद दोनों राज्यों की बसों को बॉर्डर से ही लौटा दिया गया, जिस वजह से बस में सवार यात्रियों के आंसू छलक पड़े।
संजय राउत ने केंद्र सरकार पर लगाया बड़ा आरोप
शिवसेना (उद्धव गुट) सांसद संजय राउत (Sanjay Raut) ने बुधवार को कहा कि कर्नाटक के हिरेबागवाडी टोल बूथ (Hire Bagewadi) में महाराष्ट्र नंबर प्लेट वाले वाहनों पर हमला केंद्र सरकार के समर्थन के बिना संभव नहीं था। राउत ने ट्वीट कर कहा "दिल्ली के समर्थन के बिना बेलगाम में महाराष्ट्र के वाहनों पर हमला नहीं किया जा सकता है। महाराष्ट्र एकीकरण समिति (Maharashtra Ekikaran Samiti) के कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। यह मराठी लोगों के गौरव और स्वाभिमान को खत्म करने की योजना है। बेलगाम में जो हमला हुआ है, उसी षड़यंत्र का एक हिस्सा है।" जागो मराठा! जागो।”
संसद में पहुंचा मामला
उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद पर स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है। जबकि नियम 267 के तहत इस मुद्दे पर सदन में चर्चा की मांग की है।
बसवराज बोम्मई ने क्या कहा?
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ कर्नाटक-महाराष्ट्र सीमा विवाद पर फोन पर चर्चा के बाद कर्नाटक के सीएम बसवराज बोम्मई ने ट्वीट कर कहा ‘हमारे रुख में कोई बदलाव नहीं, सुप्रीम कोर्ट में कानूनी लड़ाई जारी रहेगी।”
मनसे ने नवी मुंबई में रोकी कर्नाटक की बस
महाराष्ट्र और कर्नाटक सीमा विवाद की तपिश नवी मुंबई में भी दिखी. नवी मुंबई में कलंबोली हाईवे पर कर्नाटक से आई बसों को रोककर उस पर ब्लैक पेंट लागाया गया। आरोप है कि राज ठाकरे की पार्टी मनसे के कार्यकर्ताओं ने बसों को रोका, जिससे कुछ देर के लिए यात्रियों में दहशत फैल गई। इससे पहले पुणे में कर्नाटक की बसों पर पेंट छिड़कने के आरोप में पुलिस ने सात लोगों को हिरासत में लिया। हालांकि दोनों ही मामलों में बसों में कोई तोड़फोड़ की सूचना नहीं है।
Published on:
07 Dec 2022 01:39 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
