1 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

इंस्टाग्राम पर दोस्ती, फिर परवान चढ़ा समलैंगिक प्यार, शादी से इनकार करने पर चाकुओं से गोदकर उतारा मौत के घाट

मृतक की पहचान अहेरी निवासी सतीश कुमार जगदीशप्रकाश निसाद (32 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं हत्या के आरोप में सूरज हलदार को गिरफ्तार किया गया है।

2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Jun 01, 2026

Maharashtra love crime

महाराष्ट्र में समलैंगिक संबंध का खौफनाक अंत (File Photo)

सोशल मीडिया पर होने वाली दोस्ती कई बार रिश्तों में बदल जाती है, लेकिन कभी-कभी यही रिश्ते खौफनाक अंजाम तक भी पहुंच जाते हैं। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले से ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती और बाद में समलैंगिक प्रेम संबंध के बाद पैदा हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक युवक का नाम सतीश कुमार निसाद (32 वर्ष) है। वह नागेपल्ली का निवासी था और गैराज का काम करता था। वहीं आरोपी सूरज हलदर ओडिशा के नबरंगपुर जिले का निवासी है। दोनों की मुलाकात इंस्टाग्राम पर हुई थी। यह जान-पहचान बाद में समलैंगिक प्रेम संबंध में बदल गई।

इंस्टाग्राम पर हुई पहचान, फिर बढ़ी नजदीकियां

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना एटापल्ली-जरावंडी मार्ग पर 31 मई को सामने आई। गढ़चिरौली जिले के अहेरी तालुका के नागेपल्ली में गैरेज का व्यवसाय करने वाले सतीश कुमार की मुलाकात ओडिशा निवासी सूरज हलदार से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। बातचीत का सिलसिला धीरे-धीरे दोस्ती में बदला और बाद में दोनों के बीच समलैंगिक संबंध बन गया।

बताया जा रहा है कि दोनों लंबे समय से संपर्क में थे और अपने रिश्ते को लेकर गंभीर भी थे। हालांकि समय के साथ दोनों के बीच शादी और भविष्य को लेकर मतभेद शुरू हो गए।

आखिरी मुलाकात में बढ़ा विवाद, फिर घोंपा चाकू

जानकारी के मुताबिक, सूरज हलदार हाल ही में सतीश कुमार से मिलने गढ़चिरौली के नागेपल्ली पहुंचा था। दोनों करीब दो दिन तक साथ रहे। इसी दौरान सूरज को पता चला कि सतीश कुमार पहले से विवाहित है।

इस जानकारी के सामने आने के बाद दोनों के बीच तनाव बढ़ गया। रविवार तड़के जब सूरज अपने गांव लौटने की तैयारी कर रहा था, तभी इस मुद्दे को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई।

पुलिस के अनुसार, बहस इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि गुस्से में सूरज ने चाकू से सतीश पर कई वार किए और उसका गला भी काट दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल सतीश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। उधर, वारदात को अंजाम देने के बाद सूरज भागने की फिराक में था, तभी स्थानीय नागरिकों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सूरज हलदार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच संबंधों और शादी को लेकर लंबे समय से मतभेद चल रहे थे। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।