27 दिसंबर 2025,

शनिवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कुछ दिन और… दिन में तेज धूप, रात में ठंड! महाराष्ट्र के मौसम पर IMD की बड़ी भविष्यवाणी

Winter Weather Update: उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं ने महाराष्ट्र का माहौल बदल दिया है।

2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Oct 27, 2023

mumbai_cold.jpg

मुंबई में पारा लुढ़का, ठंड बढ़ी

Mumbai Pune Cold Weather: महाराष्ट्र में दो हफ्ते के इंतजार के बाद अक्टूबर की भीषण गर्मी (अक्टूबर हीट) से राहत मिल गई है। जबकि हवाओं का रुख बदलने के कारण रात और सुबह भोर में गुलाबी ठंड का भी एहसास हो रहा है। मुंबई में भी बुधवार रात से हल्की ठंड महसूस होने लगी है। प्रदेश में न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गयी है। उत्तरी महाराष्ट्र में सर्दी के मौसम की तरह न्यूनतम तापमान गिरकर 11 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। लेकिन ये राहत सिर्फ दो-तीन दिन के लिए ही मिलने की संभावना है। उसके बाद एक बार फिर न्यूनतम तापमान बढ़ने की उम्मीद है। यानी सर्दी के लिए कुछ और समय का इंतजार करना होगा।

मुंबई को करना पड़ेगा इंतजार!

उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं ने महाराष्ट्र का माहौल बदल दिया है। मुंबई के सांताक्रूज में गुरुवार सुबह न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो बुधवार की तुलना में एक डिग्री कम रहा। हालाँकि, कोलाबा में न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश थमने के बाद से ही मुंबई के लोगों को उमसभरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा था। लेकिन पिछले कुछ दिनों से न्यूनतम तापमान गिरने से आधी रात से लेकर सुबह तक मौसम सुहावना हो गया है। यह भी पढ़े-महाराष्ट्र को गर्मी से मिली राहत, मुंबई में बढ़ेगी ठंड! मौसम विभाग ने दिया बड़ा अपडेट

फिलहाल आसमान साफ है। इसलिए सूर्य की किरणें सीधे जमीन पर पहुंच रही हैं। इससे दोपहर में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। गुरुवार को मुंबई के कोलाबा मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सांताक्रूज में 36.1 डिग्री रहा।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान

आईएमडी मुंबई की वैज्ञानिक सुषमा नायर (Sushma Nair) के मुताबिक, न्यूनतम तापमान में गिरावट अगले 24 से 48 घंटों तक महसूस की जा सकती है। लेकिन इसे ठंडे मौसम की दस्तक नहीं कहा जा सकता। अगले 10 दिनों में दोपहर की गर्मी से राहत मिल सकती है। लेकिन मुंबई में तापमान में ज्यादा गिरावट आने की उम्मीद नहीं है और ठंड के मौसम के लिए मुंबईकरों को दिसंबर तक का इंतजार करना पड़ेगा।

महाराष्ट्र में कहा कितनी ठंडी!

कोंकण क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से ऊपर रहा। हालांकि, राज्य में उत्तर से आ रही हवाओं के कारण अब न्यूनतम तापमान औसत से नीचे गिर गया है। उत्तरी महाराष्ट्र में जलगांव में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस, नासिक में 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दरअसल उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं की तीव्रता उत्तरी महाराष्ट्र में अधिक है। जिससे वहां ठंडी अचानक बढ़ गयी है।

जलगांव में गुरुवार को औसत तापमान से 6.1 डिग्री कम दर्ज किया गया। मराठवाडा में भी छत्रपति संभाजीनगर में 15 डिग्री सेल्सियस, बीड में 16.5 डिग्री सेल्सियस, परभणी में 16.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं, विदर्भ क्षेत्र में वाशिम में न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस, वर्धा में 16.8 डिग्री सेल्सियस, अमरावती में 16.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

आगामी दिनों में बढ़ेगी सर्दी?

महाराष्ट्र में बुधवार से ही न्यूनतम तापमान में गिरावट शुरू है। हालांकि, यह कमी ज्यादा दिनों तक नहीं रहेगी और वेस्टर्न डिस्टर्बन्स की वजह से आर्द्रता बढ़ने से न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है। लेकिन तब अधिकतम तापमान थोड़ा कम हो सकता है। यानी दोपहर में गर्मी कम पड़ेगी।