
CM एकनाथ शिंदे का बड़ा दावा
Maharashtra Cabinet Expansion: महाराष्ट्र में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर लगातार खबरें सामने आ रही हैं। नई सरकार का गठन हुए लगभग एक महिना बीत गया है लेकिन मंत्रिमंडल का विस्तार न होना कई सारे सवाल खड़ा कर रहा है। इसी बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कैबिनेट विस्तार पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द होगा।
महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने शिवसेना नेता लीलाधर डाके से मुलाकात के बाद मंत्रिमंडल विस्तार पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि राज्य में कैबिनेट का विस्तार जल्द होगा। इसी के साथ सीएम आज शाम शिवसेना नेता मनोहर जोशी से मुलाकात करने वाले हैं। इसे लेकर सूबे का सियासी पारा गरमा गया है।
राज्य में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर हो रही देरी के कारण कई सवाल उठ रहे हैं। इससे पहले खबर आई थी कि शिंदे वुधवार को कैबिनेट को लेकर अंतिम रूप देने दिल्ली जाएंगे। लेकिन फिर यह दौरा रद्द हो गया। हाल ही में शिंदे ने यह भी कहा था कि वह अगले तीन दिनों के भीतर कैबिनेट का विस्तार कर लेंगे। इन सब के बीच दिल्ली का दौरा रद्द होने के कारण कई तरह के कयास लगने शुरू हो गए हैं।
उल्लेखनीय है कि एकनाथ शिंदे की बगावत के बाद उद्धव ठाकरे को सीएम पद से इस्तीफा देना पड़ा था। जिसके बाद 30 जून को एकनाथ शिंदे ने भाजपा के सहयोग से सरकार बनाई। जिसके तहत वे सीएम और देवेंद्र फडणवीस ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। लेकिन मंत्रिमंडल विस्तार में देरी होने से कई सारे सवाल उठ रहे हैं।
गौर हो कि महाराष्ट्र में मंत्रिमंडल का विस्तार दो चरणों में किया जा सकता है। जिसके तहत 40 मंत्री बनेंगे। जिसमें 12 शिंदे खेमे और 28 बीजेपी से होंगे। शिंदे खेमा अपने पास वह मंत्रालय चाहता है जो महा विकास अघाड़ी सरकार के समय शिवसेना के पास थे। लेकिन भाजपा इसमें कुछ बदलाव चाहती है।
Published on:
28 Jul 2022 02:17 pm
