19 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Pune: हाई कोर्ट की वकील से चलती कार में रेप! पुलिस ने 3 आरोपियों को दबोचा

Pune Lawyer Rape Case: महाराष्ट्र के पुणे शहर के पॉश इलाके कोरेगांव पार्क से शर्मनाक वारदात सामने आई है। जहां हाई कोर्ट की महिला वकील के साथ कथित तौर पर चलती कार में दुष्कर्म किया गया।

2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

May 19, 2026

Pune Lawyer Rape Case update

पुणे में महिला वकील से चलती कार में रेप का आरोप (AI Image)

महाराष्ट्र के पुणे से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। बॉम्बे हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करने वाली एक महिला वकील ने आरोप लगाया है कि उसके साथ चलती कार में दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने बताया कि पीड़ित महिला की पहचान एक व्यक्ति से मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए हुई थी, जिसके बाद दोनों की मुलाकात पुणे के एक होटल में हुई। इसी के बाद कथित वारदात हुई। मामले में तीन आरोपियों को पकड़ा गया है, जबकि चौथे आरोपी की तलाश जारी है।

मेट्रीमोनियल साइट पर दोस्ती और होटल में मुलाकात

अधिकारियों के मुताबिक, पीड़िता मूल रूप से पटना की रहने वाली है। उसने पुणे से कानून की पढ़ाई की और बाद में बॉम्बे हाईकोर्ट में वकालत शुरू की। वह काम के सिलसिले में पुणे आई हुई थी और शहर के फाइव स्टार होटल में ठहरी हुई थी।

जांच में सामने आया कि रविवार शाम महिला कोरेगांव पार्क स्थित एक फाइव स्टार होटल में मौजूद थी। उसने वहां उस व्यक्ति को बुलाया था, जिससे उसकी पहचान एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए हुई थी। बताया जा रहा है कि वह व्यक्ति दो महिलाओं के साथ होटल पहुंचा और कुछ देर बातचीत के बाद तीनों वहां से चले गए।

होटल से पब और फिर कार में ‘कांड’

पुलिस के मुताबिक, बाद में होटल में शराब पीने के दौरान महिला की मुलाकात पास की टेबल पर बैठे दो युवकों से हुई। बातचीत के बाद सभी ने दूसरे पब में जाने का फैसला किया।

इसी दौरान कार से जाते समय एक आरोपी ने महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। जांच अधिकारियों के अनुसार, सफर के दौरान आरोपियों ने अपने दो दोस्तों को कॉल किया और महिला को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। इस दौरान कार में मौजूद अन्य आरोपी भी पीड़िता को अश्लील बातें कह रहें थे।

आरोपियों से माफी मंगवाने पर हुआ विवाद

इससे नाराज महिला ने आरोपियों से कहा कि जिन लोगों को फोन किया गया था, उन्हें मौके पर बुलाकर माफी मंगवाई जाए। इसके बाद कार रुकने पर महिला और चारों आरोपियों के बीच विवाद हो गया।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने महिला का पर्स सड़क पर फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। बाद में महिला ने स्थानीय लोगों से मदद से अपने एक दोस्त से संपर्क किया और फिर कोरेगांव पार्क पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलते ही हरकत में आई पुलिस

पुणे पुलिस कमिश्नर अमितेश कुमार ने बताया कि मामले को बेहद गंभीरता से लिया गया है और शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि अब तक तीन आरोपियों को हिरासत में लिया जा चुका है, जबकि फरार चौथे आरोपी की तलाश में पुलिस की विशेष टीमें दबिश दे रही हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, तीनों आरोपियों की पहचान अभिषेक मुकटे, धनंजय सोरटे और आदेश शिंदे के तौर पर हुई है।