
सीएम शिंदे ने मनोज जरांगे से की बात
Eknath Shinde Manoj Jarange Talk: महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण आंदोलन तीव्र होता जा रहा है। मराठों को आरक्षण देने का आदेश जल्द से जल्द जारी करने की मांग को लेकर मराठा आंदोलनकारी मनोज जरांगे पाटील की भूख हड़ताल का आज सातवां दिन है। सोमवार से राज्य में कई जगहों पर मराठा आंदोलन ने हिंसक रूप ले लिया है। बीड में प्रदर्शनकारियों ने नेताओं के घरों व पार्टी दफ्तर पर पथराव किया और आग लगा दी। इस बीच मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आज जरांगे से फोन पर चर्चा की।
मिली जानकारी के मुताबिक, सीएम एकनाथ शिंदे और मनोज जरांगे के बीच आज सुबह फोन पर 24 मिनट तक चर्चा हुई। खबर है कि दोनों नेताओं के बीच मराठा आरक्षण के मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई है। इस चर्चा के दौरान जरांगे से साफ कहा कि मराठा समुदाय को आंशिक आरक्षण नहीं चाहिए, पूरे महाराष्ट्र में मराठा समुदाय को कुनबी प्रमाणपत्र दिया जाना चाहिए और आरक्षण मिलना चाहिए। बताया जा रहा है जरांगे इस मुद्दे पर अपने लोगों के साथ चर्चा करेंगे और फिर मुख्यमंत्री से बात करेंगे। यह भी पढ़े-मराठा आंदोलन में हिंसा करने वालों पर सख्त हुई महाराष्ट्र सरकार, गिरफ्तारी के दिए आदेश
कैबिनेट बैठक में होगा बड़ा फैसला
इस दौरान सीएम शिंदे ने मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। मराठा समुदाय को आरक्षण देने को लेकर दोनों के बीच सकारात्मक चर्चा हुई। सीएम शिंदे ने जरांगे से कहा कि मराठा समुदाय को कुनबी सर्टिफिकेट देने को लेकर आज की कैबिनेट में ठोस फैसला लिया जाएगा।
मनोज जरांगे ने पीया पानी
मुख्यमंत्री ने फोन पर यह भी कहा कि मराठा आरक्षण के मुद्दे को कानूनी रूप से हल करना जरूरी है और इसके लिए सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में क्यूरेटिव याचिका दायर की है। मुख्यमंत्री शिंदे से संतोषजनक चर्चा के बाद मनोज जरांगे ने बाद में पानी भी पीया।
देर रात मंथन बैठक
राज्य में कई जगहों पर मराठा प्रदर्शनकारी हिंसक होते नजर आ रहे हैं। बीड में कई जगहों पर आगजनी की गयी। जिस वजह से राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार अलर्ट हो गयी है और उपद्रव करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आदेश दिया है। इस मुद्दे का समाधान निकालने के लिए देर रात तक मुख्यमंत्री शिंदे और उपमुख्यमंत्री व गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस बैठक करते रहे।
विशेष सत्र की तैयारी?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सत्ताधारी तीनों दल मराठा आरक्षण पर विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर फैसला लेने के पक्ष में है। फडणवीस ने भी कल बीजेपी कोर कमेटी की बैठक की। इस बैठक के बाद ओबीसी नेता छगन भुजबल और प्रकाश शेंडगे भी सागर बंगले पर पहुंचे। पौने घंटे तक चर्चा चली और फिर उपमुख्यमंत्री फडणवीस मुख्यमंत्री से चर्चा के लिए वर्षा बंगले पर गए।
सीएम आवास वर्षा में अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था पर बैठक के बाद शिंदे और फडणवीस के बीच बंद कमरे में चर्चा हुई। आज मुख्यमंत्री ने शिवसेना विधायकों की बैठक बुलाई है।
Published on:
31 Oct 2023 01:58 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
