
Atal Setu Suicide Case : मुंबई (Mumbai News) के एक 52 वर्षीय कारोबारी के मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक (अटल सेतु) ब्रिज से समुद्र में कूदकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इससे पहले सोमवार (30 सितंबर) को एक बैंक मैनेजर ने अटल सेतु ब्रिज से कूदकर जान दे दी थी। इस घटना को अभी दो दिन भी नहीं बीते कि अटल सेतु से एक और आत्महत्या की घटना सामने आ गई।
मिली जानकारी के मुताबिक, मध्य मुंबई के माटुंगा इलाके (Matunga) में रहने वाले कारोबारी फिलिप शाह ने बुधवार सुबह 9 बजे अटल सेतु से छलांग लगा दी। वह अपनी सेडान कार से मुंबई और नवी मुंबई को जोड़ने वाले अटल सेतु गए और बीच में कार को खड़ी कर समुद्र में कूद गए।
एक अधिकारी ने बताया कि अटल सेतु के सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष के कर्मचारियों ने ब्रिज पर एक कार खड़ी देखी, जिसके बाद उन्होंने बचाव दल को इसकी सूचना दी। बाद में तलाशी अभियान के दौरान फिलिप शाह का शव बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक, फिलिप शाह को समुद्र से निकालने के बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस को कार से मृतक का आधार कार्ड मिला, जिससे पहचान की गई। पीड़ित परिवार ने बताया कि फिलिप शाह पिछले कुछ दिनों से डिप्रेशन में थे। नवी मुंबई की न्हावा शेवा पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है और जांच कर रही है।
गौरतलब हो कि पिछले कुछ महीनों में अटल सेतु से आत्महत्या की यह पांचवीं घटना है। इससे पहले सोमवार सुबह 9.57 बजे 40 वर्षीय बैंक मैनेजर सुशांत चक्रवर्ती (Sushant Chakravarty) ने एसयूवी कार खड़ी की और समुद्र में कूदकर आत्महत्या कर ली। चक्रवर्ती मुंबई के परेल इलाके में अपनी पत्नी और बेटी के साथ रहते थे। उनकी पत्नी ने बताया कि उनके बैंक मैनेजर पति काम के भारी दबाव में थे।
पिछले महीने ही 35 वर्षीय एक अन्य बैंकर ने अटल सेतु से कूदकर जान दे दी थी। मृतक की पहचान पुणे निवासी एलेक्स रेगी (Alex Regi) के तौर पर हुई। तब भी परिजनों ने आरोप लगाया था कि मृतक पर काम का दबाव था।
इससे पहले पहले मुलुंड की रहने वाली 56 वर्षीय महिला ने अटल सेतु से आत्महत्या करने की कोशिश की थी। तब कैब चालक की वजह से उसकी जान बच गई। महिला जिस किराए के कैब से घटनास्थल पर पहुंची थी, उसी कैब के चालक ने उसे बचाया। महिला जैसे ही पुल से समुद्र में कूदी चालक ने उसके बाल पकड़ लिए। इस घटना से पहले 38 वर्षीय एक इंजीनियर ने अटल सेतु से कूदकर आत्महत्या की थी।
Published on:
03 Oct 2024 02:25 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
