
लिफ्ट में बम की तरह क्यों फटे गुब्बारे? रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो (Photo: IANS)
मुंबई के गोरेगांव स्थित (Goregaon) अनमोल टॉवर (Anmol Tower) इमारत में सोमवार (2 फरवरी) शाम में एक व्यक्ति द्वारा ले जाए जा रहे हाइड्रोजन गैस के गुब्बारे फटने से लिफ्ट में आग लग गई, जिसमें दो लोग मामूली रूप से घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में गुब्बारे वाले के खिलाफ केस दर्ज किया है। इस घटना का चौंकाने वाला सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, मामला मुंबई के गोरेगांव इलाके में स्थित अनमोल टॉवर का है। एक शख्स इमारत की लिफ्ट में हाइड्रोजन गैस से भरे कई गुब्बारों को ले जाने की कोशिश कर रहा था। लिफ्ट में एक महिला पहले से ही मौजूद थी, जबकि गुब्बारे लिए शख्स के साथ एक और व्यक्ति भी लिफ्ट में घुस ही रहा था कि गुब्बारों में विस्फोट हो गया।
वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही लिफ्ट का ऑटोमेटिक दरवाजा बंद होने लगा, सारे गुब्बारे एक साथ फट गए और आग भड़क उठी। आग लगते ही लिफ्ट में मौजूद तीनों लोग तुरंत बाहर निकलने में सफल रहे। लेकिन इस घटना में दो लोग झुलस गए। चंद सेकंड में ही आग भी बुझ गई।
यह पूरी घटना लिफ्ट में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में देखा जा सकता है कि धमाके के बाद लिफ्ट में मौजूद तीनों लोग घबराए हुए वहां से भागते नजर आ रहे हैं। गनीमत रही कि तीनों में से किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। लेकिन इस घटना में पुरुष और महिला दोनों झुलस गए हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, हीलियम के गुब्बारे ज्वलनशील नहीं होते, लेकिन हाइड्रोजन गैस अत्यंत ज्वलनशील होती है और लिफ्ट जैसी बंद जगह में इसे ले जाना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। फिलहाल, गोरेगांव पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Updated on:
05 Feb 2026 04:36 pm
Published on:
05 Feb 2026 04:36 pm
