
मुंबई लोकल ट्रेन के नीचे फंसे यात्री को बचाने की कोशिश करते लोग
Mumbai News: मुंबई के करीब नवी मुंबई शहर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां वाशी रेलवे स्टेशन पर एक शख्स पटरियों को पार करने के दौरान लोकल ट्रेन की चपेट में आ जाता है। जिसके बाद स्टेशन पर मौजूद अन्य यात्री उस शख्स को बचाने की हरसंभव कोशिश करते है। इस वाकिये का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो में दिख रहा है कि यात्रियों का समूह लोकल ट्रेन के पहिये के नीचे फंसे व्यक्ति की मदद के लिए एकजुट होकर ट्रेन को धक्का दे रहा है। यह दर्दनाक घटना बुधवार दोपहर वाशी स्टेशन पर हुई। घटना के वीडियो को एक यात्री ने अपने मोबाइल से रिकॉर्ड किया और सोशल मीडिया पर साझा किया। यह भी पढ़े-Mumbai: ट्रेन के दरवाजे पर खड़े होकर करते है सफर, तो सावधान! हो सकता है ये हादसा
42 सेकंड की वीडियो क्लिप में यात्रियों का साहसी कार्य नजर आ रहा है। लोकल ट्रेन के मोटरमैन केबिन के पास लोगों का समूह इकट्ठा होते हुए दिख रहा है, जबकि कुछ अन्य लोग वहां खड़े हुए हैं। इस दौरान कुछ लोग लोकल ट्रेन के नीचे फंसे हुए यात्री को बचाने के लिए भारी-भरकम ट्रेन के डिब्बे को एक तरफ धकेलते हुए दिखाई दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि व्यक्ति पनवेल जाने वाली उपनगरीय लोकल ट्रेन के नीचे फंसा हुआ था। स्टेशन पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया। दावा किया जा रहा है कि शख्स को मामूली चोट आई है। हालांकि अभी तक इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पीड़ित यात्री जब पटरियों को पार कर रहा था। तभी लोकल ट्रेन आ गई। शख्स को देखकर मोटरमैन ने आपातकालीन ब्रेक लगाया और बीच प्लेटफॉर्म पर ट्रेन रुक गई। रेलवे के सीसीटीवी फ़ुटेज में भी दिख रहा है कि व्यक्ति विपरीत प्लेटफ़ॉर्म पर जाने के लिए पटरियों पर कूदता है और तभी ट्रेन की चपेट में आ जाता है।
फ़िलहाल पीड़ित यात्री के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। लेकिन रेलवे अधिकारियों ने इस घटना की पुष्टि की है। साथ ही यात्रियों से फुटओवर ब्रिज और अंडरपास का उपयोग करने की अपील की है।
मुंबई लोकल के नीचे फंसा था शख्स, बचाने के लिए यात्रियों ने ट्रेन को दिया धक्का, देखें वीडियो-
Published on:
08 Feb 2024 05:15 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
