
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर करता था ब्लैकमेल (Photo: X/@neelamtai)
Maharashtra News: महाराष्ट्र के नंदुरबार शहर से यौन शोषण का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में रायसिंहपुरा निवासी 22 वर्षीय चेतन प्रकाश कोली (Chetan Prakash Koli) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर नाबालिग बच्चों और कुछ युवाओं का कथित तौर पर यौन शोषण करने का आरोप है। जांच में अब तक 51 नाबालिग पीड़ितों की जानकारी सामने आने की बात पुलिस ने कही है। मामले में पीड़ितों की संख्या और बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी कथित तौर पर 2022 से ही पीड़ितों को अपने जाल में फंसा रहा था। आरोप है कि वह नाबालिगों को पैसे का लालच देता था और बाद में उनके आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देता था। इसी धमकी के जरिए वह कथित तौर पर पीड़ितों का शोषण और ब्लैकमेल करता था।
पुलिस को आरोपी के मोबाइल फोन की जांच के दौरान 600 से अधिक अश्लील वीडियो मिली हैं। इसके अलावा कई आपत्तिजनक तस्वीरें भी बरामद होने की बात सामने आई है। जिसके आधार पर नंदुरबार शहर पुलिस थाने में पॉक्सो एक्ट और यौन अपराध से जुड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
नंदुरबार की पुलिस अधीक्षक अश्विनी सनप के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक पैसे का लालच देकर नाबालिगों को अपने जाल में फंसा रहा है और उनके साथ घिनौना अपराध कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चेतन कोली को हिरासत में ले लिया। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर उसे फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। मोबाइल में मिले वीडियो और तस्वीरों के आधार पर पुलिस अब पीड़ितों की पहचान करने में जुटी है। पहचान होने के बाद उनके बयान दर्ज किए जाएंगे।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर 2022 से इस तरह की गतिविधियों में शामिल था। यह सब 6 अगस्त 2026 तक चलता रहा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। मोबाइल फोन से बरामद सामग्री और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस मामले में कुल कितने लोग पीड़ित हुए और आरोपी ने कितने लोगों को अपने जाल में फंसाया।
नाबालिगों से जुड़े होने के कारण पुलिस ने मामले में पॉक्सो कानून (POCSO Act) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपों की विस्तृत जांच कर रही है और पीड़ितों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
शिवसेना विधायक नीलम गोऱ्हे ने कहा, "नंदुरबार जिले में नाबालिग बच्चों से संबंधित आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें एक 22 वर्षीय युवक के मोबाइल फोन में मिलने के मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया है। इस मामले में कई नाबालिग बच्चों के यौन शोषण की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में जांच को केवल एक आरोपी तक सीमित न रखते हुए पूरे आपराधिक नेटवर्क का पता लगाया जाना चाहिए। पीड़ित बच्चे नाबालिग हैं, इसलिए उनकी पहचान, तस्वीरें, स्कूल या अन्य व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जानी चाहिए।
उन्होंने मांग की है कि मोबाइल फोन, वीडियो, तस्वीरों और अन्य डिजिटल सबूतों की साइबर विशेषज्ञों की मदद से गहन जांच की जाए। इसके आधार पर अन्य पीड़ितों, आरोपियों, बिचौलियों या पूरे मामले के पीछे मौजूद लोगों का पता लगाया जाना चाहिए। साथ ही, 2022 से 2026 के बीच इस तरह की अन्य घटनाएं हुई हैं या नहीं, इसकी भी जांच की जानी चाहिए। इस मामले से संबंधित जानकारी जुटाने के लिए नंदुरबार पुलिस को एक अलग व्हाट्सऐप नंबर शुरू करना चाहिए।
Updated on:
09 Aug 2026 10:10 am
Published on:
09 Aug 2026 09:51 am
