
नेस्को म्यूजिक कॉन्सर्ट ड्रग्स केस में जिया जैकब गिरफ्तार (Photo: X/AI Image)
मुंबई के गोरेगांव स्थित नेस्को (NESCO) सेंटर में पिछले हफ्ते एक म्यूजिक कॉन्सर्ट में ड्रग्स ओवरडोज से हुए मौत मामले में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस जांच में अब ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क की एक बड़ी कड़ी सामने आई है, जिसमें आयुष साहित्य नाम के युवक की मुख्य भूमिका उजागर हुई है। इसी मामले में अब एक उभरती अभिनेत्री-मॉडल का नाम भी सामने आने से केस और सनसनीखेज हो गया है।
इस ड्रग्स सिंडिकेट की कड़ियों को जोड़ते हुए मुंबई पुलिस ने 33 वर्षीय संघर्षरत अभिनेत्री जिया रिचेल जैकब (Jiya Jacob) को मीरा रोड से गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि ड्रग्स की खरीद-बिक्री का पैसा जिया के बैंक खाते में ट्रांसफर किया गया था। पुलिस के मुताबिक, वह पिछले दो वर्षों से मुख्य फरार ड्रग्स सप्लायर के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि अभिनेत्री को आरोपियों के गैर-कानूनी काम के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं थी।
कॉन्सर्ट में दो एमबीए छात्रों की ड्रग्स ओवरडोज से मौत के बाद आयुष साहित्य एक्सटेसी (MDMA) का बड़ा स्टॉक लेकर मुंबई से गोवा भागने की फिराक में था। लेकिन रायगढ़ जिले के पोलादपुर के पास पुलिस की नाकाबंदी देखकर उसने पकड़े जाने के डर से रास्ते में ही ड्रग्स की उन गोलियां फेंक दीं।
बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर करीब 15 लाख रुपये कीमत की 933 एक्स्टसी गोलियां बरामद कीं। आरोपी की निशानदेही पर यह कार्रवाई की गई।
यह पूरा मामला 11 अप्रैल को नेस्को सेंटर में आयोजित म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान सामने आया था, जहां ड्रग्स ओवरडोज से दक्षिण मुंबई के नामी कॉलेज के दो एमबीए छात्रों की मौत हो गई है और एक 25 वर्षीय छात्रा को आईसीयू में भर्ती कराना पड़ा। इस घटना के बाद पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि कॉन्सर्ट में एक्स्टसी गोलियां बेचने वाले आरोपी आनंद पटेल, विनीत गेरेलानी, शुभ अग्रवाल और मुख्य आरोपी आयुष साहित्य ने मिलकर 4.37 लाख रुपये मीरा-भायंदर की रहने वाली जिया जैकब के खाते में ट्रांसफर किए थे।
जिया अभिनय क्षेत्र में करियर बनाने की कोशिश कर रही है और वह खुद भी 11 अप्रैल के कॉन्सर्ट में मौजूद थी। जांच में यह भी सामने आया कि उसने वहां नशीली गोली का सेवन भी किया था।
जब पुलिस को यह पता चला कि ड्रग्स लेन-देन की रकम जिया के खाते में पहुंची है, तो उसे मीरा रोड से गिरफ्तार कर लिया गया। गुरुवार को कोर्ट में पेशी के बाद उसे 27 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, कॉन्सर्ट में मौत की खबर मिलते ही आयुष साहित्य ने गिरफ्तारी से बचने के लिए गोवा भागने की योजना बनाई। लेकिन रास्ते में पुलिस नाकाबंदी देखकर उसने ड्रग्स का पूरा स्टॉक फेंक दिया। बाद में पुलिस उसे लेकर मौके पर पहुंची और बड़ी मात्रा में ड्रग्स बरामद किए।
इस मामले में आयोजन स्थल का एक सुरक्षा गार्ड प्रदीप गुप्ता भी पुलिस हिरासत में है, जबकि बाकी आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े और भी नाम सामने आ सकते हैं।
Updated on:
24 Apr 2026 01:53 pm
Published on:
24 Apr 2026 01:41 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
