
Maharashtra Hindi News : सफेद प्याज अब जल्द गायब कर देगा प्याज का लाल रंग!
नवी मुंबई. मुंबई कृषि उत्पन्न बाजार समिति के प्याज मंडी में नए प्याज के साथ-साथ प्याज की आवक बढ़ गई है। गुणकारी सफेद प्याज ने भी दस्तक दे दिया है। वाशी के कांदा-बटाटा मार्केट में पिछले कुछ दिनों से रोजाना 100 से 120 गाड़ी नए प्याज की आवक हो रही है।
गुलाबी और लाल प्याज के साथ अब सफेद प्याज का भी मार्केट में आगमन हो चुका है। सफेद प्याज को गुणकारी माना जाता है, शुगर और बीपी जैसे रोगियों के लिए लाभकारी माना गया है। इसकी आवक कम मात्रा में होती है। कई महीनों से उपभोक्ताओं के आंसू निकालने वाले प्याज की कीमत थोकमंडी में भले ही कम हो गई है, लेकिन फुटकर विक्रेता ग्राहकों से मनमानी पैसे ऐंठने से बाज नहीं रहे हैं।
थोकमंडी के व्यापारियों का कहना है कि सफेद प्याज की आवक नासिक से हो रही है, खरीदार भी ज्यादा नहीं हैं, इसलिए दुकानदार एक या दो बोरी ही खरीदते हैं। सफेद प्याज को लाल प्याज की तुलना में अधिक पोषक एवं गुणकारी माना जाता है, और इसके स्वाद में मीठेपन का एहसास होता है। सफेद प्याज को गुजराती, राजस्थानी समाज के साथ-साथ मराठी वर्ग के लोग ज्यादा महत्व देते हैं। सफेद प्याज की खेती गुजरात के सौराष्ट्र में साल भर होती है, जबकि नासिक में कम मात्रा में सफेद प्याज की खेती किसान करते हैं। मुंबई के विरार-वसई में भी सफेद प्याज की उपज होती है, परंतु वह प्याज मार्केट तक नही पहुंच पाता, उसे स्थानीय बाजार में ही बेच दिया जाता है।
पुणे और गुजरात का प्याज बाजार में
इस समय राज्य के नासिक, अहमदनगर, पुणे एवं गुजरात से प्याज की आवक हो रही है। पिछले कई महीनो तक गृहणियों को रुलाने वाला यह प्याज अब स्थिर हो चुका है, बुधवार को 125 गाड़ी प्याज की आवक हुई है, लेकिन खरीदारों की संख्या कम थी।
गुरुवार को प्याज के भाव में और भी कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है। व्यापारियों का मानना है कि भारत बंद की घोषणा का नवी मुंबई में कोई खास असर तो नहीं देखा गया, लेकिन ग्राहकों की अनुपस्थिति से व्यापारियों का भारी नुकसान जरूर हुआ है। इस समय प्याज की कीमत में काफी गिरावट आई है फिर भी उपभोक्ताओं के नहीं आने से करीब 50 गाड़ी प्याज की विक्री नहीं हो पाई है। इस समय महाराष्ट्र के प्याज का भाव 35 से 50 रुपए किलो है, जबकि इजिप्त-तुर्की से आने वाला प्याज 25 से 35 रुपए और सफेद प्याज 40 से 50 रुपए किलो के भाव से मंडी में उपलब्ध है।
Published on:
08 Jan 2020 11:51 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
