
पुणे में शादी से 4 दिन पहले दुल्हन का फिल्मी स्टाइल में अपहरण (Photo: IANS/File)
महाराष्ट्र के पुणे जिले में एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। इंदापुर तालुका के भिगवन में 21 वर्षीय युवती का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया। यह घटना तब हुई जब युवती अपनी मां और भाई के साथ शादी की खरीदारी कर घर लौट रही थी। रास्ते में दो युवकों ने उन्हें रोका और मां-भाई की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। जब तक वे कुछ समझ पाते, आरोपी युवती को जबरन अपनी चार पहिया गाड़ी में डालकर फरार हो गए। इस घटना के बाद से ही पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है।
पुलिस के मुताबिक, पड़ोस के दो युवकों ने रास्ता रोककर मां और भाई की आंखों में मिर्च फेंकी और युवती को जबरन चारपहिया वाहन में बैठाकर फरार हो गए। इस घटना के बाद पूरे इलाके में गुस्से का माहौल है। भिगवन पुलिस थाने में अपहरण का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह के सांप्रदायिक तनाव को न फैलने देने की अपील की है।
बताया जा रहा है कि युवती की शादी 22 फरवरी को तय थी। शादी की खरीदारी कर घर लौटते समय यह वारदात हुई। आरोपी युवक और पीड़िता लड़की का घर पास ही है और दोनों के बीच पिछले एक महीने से फोन पर बातचीत हो रही थी। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में छह टीमें लगाई हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस सफलता नहीं मिली है।
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस थाने के सामने धरना दिया और कुछ समय के लिए पुणे-सोलापुर हाईवे जाम कर दिया। फिलहाल यातायात सामान्य है, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आज भिगवन बंद का आह्वान किया गया है। हिंदू जन आक्रोश मोर्चा निकालने की भी घोषणा की गई है, जिसमें स्थानीय विधायकों के शामिल होने की बात कही जा रही है।
पुणे ग्रामीण के एसएसपी संदीप सिंह गिल ने बताया कि सूचना मिलते ही अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। टीमें लगातार तलाश में जुटी हैं और सभी पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल आरोपियों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह या धार्मिक तनाव फैलाने से बचें। यदि कोई कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
18 Feb 2026 03:29 pm
Published on:
18 Feb 2026 03:28 pm
