3 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सेल्फी का शौक पड़ा भारी! पुणे के मावल में 2 दिन में 6 लोगों की डूबने से मौत

Pune Drowning News: पुणे से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां 48 घंटों के भीतर अलग-अलग घटनाओं में डूबने से 6 लोगों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा विचलित करने वाली बात यह है कि तीन दोस्तों की जान महज एक सेल्फी लेने के चक्कर में चली गई।

2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

May 03, 2026

2 child drowned in river

Drowned demo pic

महाराष्ट्र (Maharashtra Accident) के पुणे जिले (Pune News) के मावल तालुका (Maval) में महज दो दिनों के भीतर पानी में डूबने से 6 लोगों की मौत ने पूरे इलाके को हिला दिया है। ये सभी घटनाएं तीन अलग-अलग स्थानों पर हुईं।

सेल्फी के चक्कर में 3 दोस्त डूबे

जाधववाडी इलाके में एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां भोसरी एमआईडीसी में काम करने वाले तीन दोस्त अजय गारुडे, अनिकेत पवार और संतोष येडके घूमने गए थे। ये सभी मूल रूप से परभणी के रहने वाले थे और 1 मई को छुट्टी होने पर घूमने निकले थे।

शुक्रवार को दोपहर करीब 3 बजे तीनों ने डैम में उतरकर तैरने का फैसला किया। तैरते समय वे एक-दूसरे के कंधे पर हाथ रखकर सेल्फी ले रहे थे, तभी अचानक एक का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में बाकी दोनों दोस्त भी गहराई में चले गए और तीनों की डूबकर मौत हो गई।

बाद में स्थानीय लोगों और बचाव दल ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद तीनों के शव बाहर निकाले।

पवना नदी और वलवण डैम में भी बड़ा हादसा

इसी दिन सालूंब्रे गांव के पास पवना नदी में तैरने गए मनोज भारत गौतम (25) की भी डूबने से मौत हो गई। मनोज मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और पुणे में नौकरी करता था।

वहीं, इससे एक दिन पहले लोणावला के कुरवंडे क्षेत्र में 30 वर्षीय योगेश पालवे और 13 वर्षीय छात्र यश धनोरिया के लापता होने की शिकायत दर्ज हुई थी। जांच में पता चला कि छात्र अपने दोस्तों के साथ वलवण डैम के पास गया था। दोस्तों के मना करने के बावजूद वह पानी में उतर गया और डूब गया। बाद में दोनों के शव बरामद किए गए।

प्रशासन की अपील

लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गर्मी में डैम और नदी क्षेत्रों में घूमते समय विशेष सावधानी बरतें। पानी की गहराई, तेज बहाव और सुरक्षा उपायों की पूरी जानकारी के बिना पानी में न उतरें। ये घटनाएं एक कड़ी चेतावनी हैं कि थोड़ी सी असावधानी भी जिंदगी पर भारी पड़ सकती है।