
बॉलीवुड के महान कॉमेडियन्स (फोटो सोर्स: X)
Bollywood Comic actors: आज वर्ल्ड लाफ्टर डे है वो दिन जो हमें याद दिलाता है कि हंसी इंसान की सबसे बड़ी दौलत है, लेकिन आज के इस खास दिन पर हम उन महान कॉमेडियन्स को याद करना चाहते हैं जिन्होंने पर्दे पर लाखों-करोड़ों लोगों को हंसाया लेकिन पर्दे के पीछे उनकी अपनी जिंदगी में गहरा दर्द छुपा था। बता दें, बॉलीवुड ने हमें ऐसे कई दिग्गज कॉमिक स्टार्स दिए जिनकी विदाई बेहद दर्दनाक रही।
असरानी बॉलीवुड के सबसे चहेते कॉमिक एक्टर में से एक थे। उन्होंने दशकों तक दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। हाल ही में अक्षय कुमार की 'भूत बंगला' में भी उनकी शानदार उपस्थिति देखी गई थी, लेकिन उम्र के साथ बीमारी ने उन्हें घेर लिया। लंबी बीमारी के दौरान उनके फेफड़ों में पानी भर गया और 20 अक्टूबर 2025 को वो दुनिया को अलविदा कह कर चले गए।
मोहम्मद उर्फ मुकरी बॉलीवुड के शुरुआती दौर के सबसे फेमस कॉमिक स्टार्स में से एक थे। उनका किरदार नत्थूलाल और उनकी मूंछें दर्शकों के दिलों में हमेशा के लिए बस गईं। 'शराबी', 'अमर अकबर एंथोनी' और 'लावारिस' सहित करीब 600 फिल्मों में उन्होंने दर्शकों को हंसाया, लेकिन उनकी अपनी जिदगी में बहुत दर्द था जिसे उन्होंने सालों तक छुपाए रखा। उनके गुर्दे खराब हो गए थे और किडनी के असहनीय दर्द को झेलते हुए उन्हें दिल का दौरा पड़ा और वो चल बसे।
बॉलीवुड के लेजेंडरी कॉमेडियन महमूद का नाम आज भी श्रद्धा और प्यार से लिया जाता है। 1950 से लेकर 1990 के दशक तक वो इंडस्ट्री में एक्टिव रहे। 'पड़ोसन', 'कुंवारा बाप' और 'बॉम्बे टू गोवा' में उनके किरदार आज भी लोगों को हंसाते हैं। बता दें, अपने अंतिम दिनों में वो दिल की बीमारी से जूझ रहे थे और 2004 में इलाज के लिए विदेश गए और एक दिन अचानक वो सोते-सोते गुजर गए।
'शोले', 'जंजीर' और 'बॉम्बे टू गोवा' में शराबी का किरदार निभाकर दर्शकों को लोटपोट करने वाले केस्टो मुखर्जी की असल जिंदगी में एक दिलचस्प सच्चाई थी, उन्होंने कभी शराब को हाथ भी नहीं लगाया। वो एक सच्चे स्टार थे जो बिना पीए भी शराबी का किरदार इतनी शिद्दत से निभाते थे कि देखने वालों को यकीन हो जाता था। मगर आर्थिक तंगी इतनी बढ़ गई कि वो सही इलाज भी नहीं करवा पाए। बीमारी ने उन्हें घेर लिया और केवल 56 साल की उम्र में वो इस दुनिया को छोड़ गए।
बदरुद्दीन जमालुद्दीन काजी यानी जॉनी वॉकर गुरू दत्त की फिल्मों की रूह थे। उनकी स्क्रीन प्रेजेंस और कॉमिक टाइमिंग ऐसी थी कि दर्शक उनका सीन देखते ही हंसने लगते थे। करीब 2 दशकों तक उन्होंने इंडस्ट्री में अपनी खास जगह बनाए रखी, लेकिन 2003 में उनका निधन हुआ और वो अपने अंतिम दिनों में बेहद तकलीफ में थे। डायबिटीज ने उनकी किडनियों को खराब कर दिया था। वो आखिरी वक्त तक दर्द में रहे लेकिन उनकी हंसाने वाली यादें आज भी जिंदा हैं।
90 के दशक में गोविंदा के साथ एक से बढ़कर एक कॉमेडी फिल्में देने वाले कादर खान बॉलीवुड के सबसे मल्टी टैलेंटेड स्टार्स में से एक थे। एक्टिंग के साथ-साथ उन्होंने कई यादगार फिल्में लिखी और बनाईं भी। उनकी विदाई सबसे दर्दनाक थी। उन्हें 'प्रोग्रेसिव सुपरान्यूक्लियर पाल्सी' नाम की एक दुर्लभ और लाइलाज बीमारी हो गई थी जिसमें न वह ठीक से चल सकते थे, न खाना खा सकते थे और न ही अपनी आंखों की पलकें झपका सकते थे। इस असहनीय बीमारी से लंबी लड़ाई के बाद 2018 में उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कहा।
बता दें, आज जब हम वर्ल्ड लाफ्टर डे मना रहे हैं, तो इन महान स्टार्स को याद करना जरूरी है जिन्होंने अपनी तकलीफें छुपाकर हमें हंसाया। उनकी हंसी आज भी हमारे साथ है।
Updated on:
03 May 2026 03:24 pm
Published on:
03 May 2026 03:24 pm
