
पुणे में बहस के बाद कार चालक ने बाइकर को मारी टक्कर (Photo: X/@imvivekgupta)
Pune road rage Hinjewadi news: महाराष्ट्र के आईटी हब कहे जाने वाले पुणे शहर के हिंजेवाड़ी (Hinjewadi) इलाके से रोड रेज (Road Rage) की एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां मारुंजी लिंक रोड पर एक कार और बाइक सवार के बीच हुई मामूली बहस इतनी बढ़ गई कि कार चालक ने जानबूझकर बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठने लगी है।
पुलिस के अनुसार, घटना में बाइक सवार को चोटें आई हैं, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। फिलहाल आरोपी की तलाश की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह मारुंजी लिंक रोड पर बाइक सवार और सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार के चालक के बीच ओवरटेक करने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों के बीच बहस बढ़ गई और मामला रोड रेज में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसके बाद दोनों वाहन चालक एक-दूसरे को पीछे छोड़ने की कोशिश करते हुए तेज रफ्तार से कई किलोमीटर तक दौड़ते रहे। इस दौरान बाइक सवार कार पर कई बार मुक्के भी मारता है। जब दोनों विप्रो सर्कल के पास पहुंचे तो कार चालक ने कथित तौर पर जानबूझकर बाइक को बगल से टक्कर मार दी।
कार की टक्कर लगते ही बाइक सवार संतुलन खो बैठा और सड़क किनारे खड़ी एक अन्य कार से जा टकराया। हादसे में बाइक सवार घायल हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद कार चालक कैपजेमिनी कार्यालय की ओर भाग निकला और मौके से फरार हो गया।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती वीडियो से यह भी संकेत मिलते हैं कि हादसे से पहले दोनों वाहन चालक लापरवाही से वाहन चला रहे थे। हालांकि, जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि हाल ही में पुणे ग्रामीण क्षेत्र में भी रोड रेज का एक मामला सामने आया था, जिसमें मुंबई-बेंगलुरु हाईवे पर नई कात्रज टनल के पास एक बीएमडब्ल्यू चालक के साथ कथित मारपीट की गई थी। उस मामले में पुलिस ने करीब 14 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। आरोपियों ने कार में तोड़फोड़ भी की थी।
अंबेगांव बुद्रुक के रहने वाले 30 वर्षीय बिजनेसमैन सोहैल मुलानी ने बुधवार को एफआईआर दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, मुंबई-बेंगलुरु हाईवे पर नए कात्रज टनल के पास शिंदेवाड़ी में करीब 14 लोगों के एक समूह ने सोहैल की बीएमडब्ल्यू कार को रोककर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की थी। पुलिस इस मामले में भी आरोपियों की तलाश कर रही है।
Updated on:
03 Jul 2026 05:23 pm
Published on:
03 Jul 2026 05:21 pm
