
टिटवाला स्टेशन पर दर्दनाक हादसा, पंजाब मेल की चपेट में आया शख्स
महाराष्ट्र में मध्य रेल के व्यस्त कल्याण-कसारा रेल मार्ग पर गुरुवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिससे रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। टिटवाला रेलवे स्टेशन पर एक अज्ञात व्यक्ति तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के कारण रेल यातायात पूरी तरह से चरमरा गया और यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा रात करीब 9 बजे हुआ, जब पंजाब मेल टिटवाला स्टेशन से गुजर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति रेलवे ट्रैक पार करने की कोशिश कर रहा था, तभी वह ट्रेन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि व्यक्ति के शरीर के टुकड़े ट्रेन के इंजन के निचले हिस्से (कैटल गार्ड) में फंस गए।
इस भयानक् हादसे के कारण ट्रेन को स्टेशन पर ही रोकना पड़ा। शव के हिस्सों को निकालने में काफी समय लग गया और आखिरकार कैटल गार्ड को काटकर हटाना पड़ा। इसके बाद ही ट्रेन को रात 10 बजकर 53 मिनट पर आगे के लिए रवाना किया जा सका।
इस हादसे के चलते कल्याण-कसारा रेल मार्ग पर करीब डेढ़ घंटे तक रेल सेवा प्रभावित रही। इसका असर मुंबई लोकल ट्रेनों के साथ-साथ उत्तर भारत की ओर जाने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों पर भी पड़ा। कई ट्रेनें देरी से चलीं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इसी बीच, पश्चिम रेलवे के विरार और वैतरणा स्टेशनों के बीच भी ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा हुआ। गुरुवार को चेन्नई-अहमदाबाद एक्सप्रेस के सामने एक अज्ञात व्यक्ति के आने से यह दुर्घटना हुई। पीड़ित की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के कारण पश्चिमी रेलवे की डाउन लाइन पर यातायात लगभग एक घंटे तक बाधित रहा। जिस वजह से वेस्टर्न लाइन की लोकल और गुजरात की ओर जाने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों का शेड्यूल बिगड़ गया।
रेलवे प्रशासन लगातार यात्रियों से ट्रैक पार न करने की अपील करता रहा है, लेकिन इसके बावजूद कई लोग नियमों को नजरअंदाज करते हैं। यह दोनों हादसा भी इसी लापरवाही का नतीजा माना जा रहा है, जिसमें दो लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। रेलवे पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
Updated on:
27 Mar 2026 02:57 pm
Published on:
27 Mar 2026 02:56 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
