
पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह (Photo: IANS/File)
Sanjay Raut on BJP: शिवसेना (UBT) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने केंद्र सरकार और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व पर हमला बोलते हुए एक सनसनीखेज दावा किया है। नई दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत करते हुए संजय राउत ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तुरंत देश के उपप्रधानमंत्री बनना चाहते हैं और खुद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वारिस घोषित करवाना चाहते हैं, लेकिन पीएम मोदी इसके पक्ष में नहीं हैं। राउत ने दावा किया कि दोनों नेताओं के बीच अंदरूनी मतभेद काफी गहरे हो चुके हैं।
अमित शाह पर निशाना साधते हुए संजय राउत ने कहा, "कोई भी चर्चा से भाग नहीं रहा है, वह सांसद और गृह मंत्री हैं, उन्हें संसद में आने से किसने रोका? पहले तो सीना ठोककर आते थे, अब क्या हो गया... उन्हें चर्चा के लिए आना चाहिए, बहुत मजा आता है…"
अमित शाह के संसद में बयान देने की तैयारी से जुड़े सवाल पर संजय राउत ने उन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि अमित शाह डरे हुए हैं और उनका राजनीतिक खेल खत्म हो चुका है। राउत ने यह भी कहा कि आगामी केंद्रीय मंत्रिमंडल के फेरबदल में अमित शाह मंत्रिमंडल का हिस्सा रहेंगे या नहीं, इस पर भी उन्हें संदेह है।
राउत ने दावा किया कि देश में जो नकारात्मक घटनाएं हो रही हैं, उनका जिम्मेदार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ठहराया जा रहा है, लेकिन इन घटनाओं के लिए अमित शाह जिम्मेदार हैं और यह बात अब पीएम मोदी को भी समझ में आ गई है।
कथित विवाद की खबरों को लेकर सवाल पूछे जाने पर संजय राउत ने कहा कि आने वाले समय में सब कुछ सामने आ जाएगा। उन्होंने दावा किया कि अमित शाह कैबिनेट में फेरबदल चाहते है और जल्द से जल्द उपप्रधानमंत्री बनना चाहते हैं, लेकिन पीएम मोदी ने उनकी इस इच्छा को साफ तौर पर खारिज कर दिया है।
राउत ने कहा, "अमित शाह को तत्काल देश का उपप्रधानमंत्री बनना है और मोदी का इसके लिए विरोध है। यह मेरी खबर है। मोदी ने उन्हें स्पष्ट रूप से मना कर दिया है। मैं जो बता रहा हूं, वह 100 फीसदी सच है।"
जब पत्रकार ने राउत से पूछा कि नरेंद्र मोदी के बाद प्रधानमंत्री पद की दौड़ में कौन होगा, तो उन्होंने कहा कि मोदी के बाद अमित शाह बिल्कुल नहीं होंगे।
राउत ने यह भी दावा किया कि नरेंद्र मोदी 2029 तक प्रधानमंत्री पद पर रहेंगे या नहीं, इसे लेकर देश में सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में युवा पीढ़ी (Gen Z) की ओर से ईवीएम के खिलाफ आंदोलन देखने को मिलेगा।
भाजपा में अंदरूनी कलह के सवाल पर संजय राउत ने कहा कि भाजपा वास्तव में कोई स्वतंत्र राजनीतिक संगठन नहीं है, बल्कि कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) और तृणमूल कांग्रेस (TMC) जैसी विरोधी पार्टियों को तोड़कर बनी है। यह कभी भी बिखर सकती है। संजय राउत के इन दावों पर सियासी हलचल बढ़ गई है।
Updated on:
13 Aug 2026 03:30 pm
Published on:
13 Aug 2026 02:55 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
