8 सितंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Sakinaka Manhole Accident: परिवार का अकेला कमाने वाला था असलम, खुले मेनहोल ने छीनी जिंदगी, अब पत्नी को मिले 10 लाख

Manhole Accident: मुंबई के साकीनाका क्षेत्र में खुले मेनहोल में गिरने से जान गंवाने वाले असलम शेख के परिवार को बीएमसी ने 10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी है। सहायता राशि असलम की पत्नी अंजुम शेख के बैंक खाते में जमा कराई गई है।
2 min read
Google source verification
Mumbai Manhole Accident

मेयर रितु तावड़े। फोटो- आईएएनएस

Mumbai Manhole Accident: साकीनाका क्षेत्र के खैरानी रोड पर खुले मेनहोल में गिरने से जान गंवाने वाले असलम शेख के परिवार को बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने 10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी है। यह राशि मृतक की पत्नी अंजुम शेख के बैंक खाते में जमा कराई गई है। सहायता राशि मिलने के बाद अंजुम शेख ने मेयर रितु तावड़े और नगर निगम प्रशासन का आभार जताया। बता दें कि खैरानी रोड पर खुले मेनहोल में गिरने से असलम शेख की मौत हो गई थी।

मेयर रितु तावड़े ने शेख परिवार से मुलाकात की

घटना के बाद मेयर रितु तावड़े ने शेख परिवार से मुलाकात की थी। उन्होंने परिवार को सांत्वना देने के साथ उनकी आर्थिक स्थिति को देखते हुए तत्काल 10 लाख रुपए की सहायता देने का आश्वासन दिया था। मेयर के निर्देश के बाद नगर निगम के एल-डिविजन कार्यालय, कुर्ला ने सहायता राशि जारी करने की प्रक्रिया शुरू की। इसके लिए अंजुम शेख के बैंक खाते से संबंधित जानकारी के साथ उत्तराधिकार से जुड़े जरूरी दस्तावेज पूरे किए गए।

बैंक खाते में जमा की राशि

दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद नगर निगम ने 10 लाख रुपए की सहायता राशि सीधे अंजुम शेख के बैंक खाते में जमा कर दी। राशि मिलने के बाद अंजुम शेख ने नगर निगम को लिखित चिट्ठी सौंपी। उन्होंने मेयर रितु तावड़े और नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि परिवार के सामने आए मुश्किल हालात के बीच मेयर ने सहायता का जो आश्वासन दिया था, उसे पूरा किया गया है। अंजुम शेख ने अपने पत्र में सहायता राशि दिलाने की प्रक्रिया में मार्गदर्शन और सहयोग करने वाले सभी दलों के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, मेयर और नगर निगम अधिकारियों का भी धन्यवाद किया।

सहयोग से परिवार को राहत मिली

उन्होंने कहा कि मुश्किल समय में मिले इस सहयोग से परिवार को राहत मिली है। मेयर रितु तावड़े ने कहा कि परिवार के कमाने वाले सदस्य को खोने का दुख बहुत बड़ा है और इसकी भरपाई किसी भी सहायता से नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में परिवार के साथ खड़ा होना नगर निगम का कर्तव्य था। प्रभावित परिवार को जरूरत के समय हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अंजुम शेख की ओर से भेजे गए आभार पत्र से नगर निगम प्रशासन को जरूरतमंद परिवारों के प्रति और अधिक संवेदनशीलता के साथ काम करने की प्रेरणा मिलती है।