
शरद पवार की नातिन रेवती सुले और सारंग लखानी के रिसेप्शन में पहुंचे दिग्गज (Photo: X/@Prathm_telang)
Supriya Sule Daughter Wedding Reception: दिल्ली में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले की बेटी रेवती सुले और सारंग लखानी के शादी का रिसेप्शन आयोजित किया गया। इस खास समारोह में राजनीति, उद्योग और अन्य क्षेत्रों की कई बड़ी हस्तियां नजर आईं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कई दिग्गजों ने समारोह में शिरकत की। हालांकि, सुनेत्रा पवार इस समारोह में शामिल नहीं हुईं, लेकिन उनके दोनों बेटे पार्थ पवार और जय पवार मौजूद थे। रेवती सुले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के संस्थापक शरद पवार की नातिन हैं। जबकि सारंग लखानी भाजपा विधायक और उद्योगपति अरुण लखानी के बेटे हैं।
रेवती सुले और सारंग लखानी के रिसेप्शन में देश की राजनीति के कई बड़े चेहरे एक साथ नजर आए। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी पहुंचे। वहीं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने भी नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी करीब 20 मिनट तक रुके और फिर अपने आवास रवाना हो गए।
रेवती सुले के रिसेप्शन की सबसे ज्यादा चर्चा इसलिए भी हो रही है क्योंकि राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के बीच राहुल गांधी और अमित शाह एक ही समारोह में नजर आए। राहुल गांधी लगातार विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर केंद्र सरकार और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते रहे हैं। ऐसे में दोनों नेताओं का एक ही समारोह में एक ही समय पर होना चर्चा का विषय बना।
खास बात यह है कि अमित शाह रिसेप्शन में ठीक उसी समय पहुंचे जब राहुल गांधी वहां मौजूद थे। जब अमित शाह रेवती और सारंग को शुभकामनाएँ देने के लिए मंच पर गए, तो राहुल गांधी ठीक वहीं नीचे मौजूद थे।
प्रसिद्ध उद्योगपति और अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी भी रेवती सुले और सारंग लखानी के रिसेप्शन में शामिल हुए। इसके अलावा अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियों ने भी समारोह में पहुंचकर नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दीं।
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और चिराग पासवान, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल, कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी और दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा भी सुप्रिया सुले की बेटी के शादी के रिसेप्शन में शामिल हुए।
समारोह के दौरान कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) प्रमुख शरद पवार भी एक-दूसरे से बातचीत करते नजर आए। दोनों नेताओं की मुलाकात और बातचीत की तस्वीरें भी चर्चा में रहीं।
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी भी इस खास मौके पर मौजूद रहीं। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर भी इस समारोह के लिए शरद पवार के आवास पर पहुंचे। महाराष्ट्र के सांसद संजय जाधव और संदीपानराव भुमरे समेत कई अन्य नेता भी समारोह में शामिल हुए।
रेवती सुले और सारंग लखानी के रिसेप्शन में राजनीति के साथ-साथ उद्योग और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रमुख लोगों की मौजूदगी देखने को मिली। एक ही मंच पर देश के अलग-अलग राजनीतिक दलों के बड़े नेताओं के नजर आने से यह समारोह खासा चर्चित हो गया।
रेवती सुले और सारंग लखानी को शादी के बाद आशीर्वाद देने के लिए पहुंचे इन दिग्गजों की तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा में हैं।
Updated on:
11 Aug 2026 10:57 am
Published on:
11 Aug 2026 10:08 am
