
सगाई में जाने को लेकर पति-पत्नी के बीच हुआ झगड़ा, छुड़ाने गए बेटे की मौत (AI Image)
Maharashtra father kills son news: महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मीरा-भायंदर शहर से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। उत्तन सागरी पुलिस थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के दौरान एक 24 वर्षीय युवक ने अपनी मां की जान बचाने की कोशिश की, लेकिन पिता के हमले का शिकार हो गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस के अनुसार, परिवार के एक रिश्तेदार के सगाई समारोह में जाने को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हुई। मामूली विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि गुस्से में पति ने घर में मौजूद धारदार चीज से पत्नी पर हमला करने की कोशिश की।
पिता के आक्रामक रवैये को देखकर 24 वर्षीय बेटा तुरंत अपनी मां को बचाने के लिए बीच में आ गया। इसी दौरान पिता का वार बेटे को लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन और स्थानीय लोग उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही उत्तन सागरी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की हत्या सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
भायंदर पश्चिम विभाग के सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) कन्हैया थोरात ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह वारदात पारिवारिक विवाद के दौरान हुई। आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहन और तकनीकी जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, घटना से जुड़े सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं ताकि पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सके।
Updated on:
30 Jul 2026 01:10 pm
Published on:
30 Jul 2026 01:02 pm
