
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन (Photo: X/Railways)
Vande Bharat Sleeper Maharashtra : वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का सफल ट्रायल आज (15 जनवरी) अहमदाबाद और मुंबई के बीच हुआ। पश्चिमी रेलवे के मुताबिक, आज अहमदाबाद और मुंबई सेंट्रल के बीच वंदे भारत स्लीपर के प्रोटोटाइप रेक का ट्रायल रन किया गया। हाई स्पीड ट्रेन ने अहमदाबाद से मुंबई का सफर 6 घंटे 21 मिनट में पूरा किया।
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन बुधवार सुबह 7:29 बजे अहमदाबाद से चली और दोपहर 1:50 बजे मुंबई सेंट्रल पहुंची। अहमदाबाद से मुंबई सेंट्रल के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन (सिटींग) 5 घंटे 25 मिनट लेती है, जबकि शताब्दी 6 घंटे 35 मिनट और दुरंतो 6 घंटे 50 मिनट व अन्य एक्सप्रेस ट्रेने 7 घंटे से अधिक समय लेती है।
लंबी दूरी की यात्रा के लिए वंदे भारत स्लीपर ट्रेन स्लीपर बर्थ के साथ चलेगी। इससे यात्रियों का सफर तेज और पहले से ज्यादा सुविधाजनक व आरामदायक हो जाएगा। वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का ट्रायल अपने अंतिम चरण में है। ट्रायल के दौरान वंदे भारत स्लीपर 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ी। हालांकि यह ट्रेन 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने में सक्षम है।
नए लुक वाली वंदे भारत एक्सप्रेस आधुनिक तकनीकों से लैस होने के कारण कम समय में अधिक दूरी तय करती है। नई वंदे भारत स्लीपर कोच ट्रेन के ट्रायल के दौरान ब्रेकिंग सिस्टम, एयर सस्पेंशन, कपलर फोर्स को परखा जा रहा है। इसका घुमावदार ट्रैक पर भी ट्रायल किया जा चुका है।
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में पेंट्री कार भी होगी। इसके अलावा गार्ड कोच, लगेज कोच होंगे। कुल मिलाकर लंबी दूरी की यात्रा के लिए वंदे भारत से यात्रा करना अन्य पैसेंजर ट्रेनों की तुलना में ज्यादा सुविधाजनक होगा।
देश में पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन किस रूट पर चलेगी, रेलवे ने अभी तक इसका खुलासा नहीं किया है। हालांकि पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन दिल्ली-मुंबई या दिल्ली-कोलकाता के बीच चलने की प्रबल संभावना है। उम्मीद है कि जनवरी के अंत तक यह ट्रेन यात्रियों के लिए शुरू हो जाएगी।
एक वरिष्ठ रेलवे अधिकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र में पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन नागपुर से मुंबई और नागपुर से पुणे रूट पर चल सकती है।
ट्रेन में आरामदायक बर्थ, स्वच्छ और आधुनिक शौचालय, हाई स्पीड वाई-फाई, फोल्डेबल टेबल, रीडिंग लाइट और हाई स्पीड मोबाइल और लैपटॉप चार्जिंग पॉइंट जैसी सुविधाएं होंगी। यह ट्रेन यात्रियों के लिए जरुरी सभी उन्नत सुविधाओं जैसे टाइप A और C डिवाइस के लिए अलग-अलग चार्जिंग पोर्ट, एक फोल्डेबल स्नैक टेबल, एक एकीकृत लाइटिंग सिस्टम और एक लैपटॉप चार्जिंग सेटअप से लैस हैं।
वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें राजधानी और तेजस ट्रेनों से बेहतर और शताब्दी ट्रेनों से तेज चलेगी। इस ट्रेन को खास तौर पर लंबी दूरी के लिए डिजाइन किया गया है। इसलिए राजधानी और तेजस ट्रेनों की तुलना में वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का किराया 10 से 15 फीसदी ज्यादा हो सकता है।
बीईएमएल द्वारा निर्मित पहले प्रोटोटाइप में कुल 16 कोच है, जिसमें 11 एसी 3 टियर कोच, 4 एसी 2 टियर कोच और एक एसी प्रथम श्रेणी कोच शामिल है। साथ ही एसएलआर के भी दो डिब्बे होंगे। 16 कोच वाली ट्रेन को कुल 823 यात्रियों को ले जाने के लिए डिजाइन किया गया है। इसमें एसी 3 टियर में 611 बर्थ, एसी 2 टियर में 188 बर्थ और एसी प्रथम श्रेणी में 24 बर्थ शामिल हैं।
Updated on:
15 Jan 2025 09:48 pm
Published on:
15 Jan 2025 09:05 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
