मराठी अस्मिता और मराठी मानुस
हिंदुत्व को मुद्दा बनाकर शिंदे सेना और बीजेपी उद्धव ठाकरे पर निशाना साध रही है, जबकि उद्धव पलटवार में भ्रष्टाचार, कुशासन, मराठी अस्मिता, उद्योगों को गुजरात ले जाने जैसे मुद्दों को उठा रहे हैं। अगर राज ठाकरे इन मुद्दों का जवाब दे तो बीजेपी के लिए ज्यादा फायदेमंद होगा। क्योंकि बाला साहेब के मार्गदर्शन में ‘नेता’ बने राज ठाकरे महाराष्ट्र धर्म, मराठी अस्मिता जैसे मुद्दों पर प्रभावी ढंग से पलटवार करना बखूबी जानते है। मनसे ने शुरुआत में मराठी मानुस का मुद्दा उठाया था, जिससे राज्य में उसकी नींव मजबूत हुई।
विचारधारा की लड़ाई
शिंदे की शिवसेना और बीजेपी लगातार उद्धव ठाकरे की आलोचना यह कहते हुए करती है कि उन्होंने कांग्रेस के साथ महाविकास आघाडी गठबंधन में शामिल होकर बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा को त्याग दिया है। उधर, पिछले कुछ सालों से मनसे खुद को एक आक्रामक हिंदुत्व दल के तौर पर पेश कर रही है। इसलिए बीजेपी के साथ जाने पर उन्हें विचारधारा की कोई दिक्कत नहीं होगी। इसके विपरीत, बीजेपी वोटरों के बीच यह संदेश देने की कोशिश करेगी कि वह राज को लेकर बाला साहेब के हिंदुत्ववाद के रास्ते पर चल रहे हैं।