
पंचायत ने दी तालिबानी सजा, पहले भरी पंचायत में मारे जूते फिर किया ऐसा हाल अब जिंदगी के लिए जंग लड़ रहा युवक
मुजफ्फरनगर. थाना भोपा क्षेत्र में एक युवक को पंचायत में बुलाकर जूते मारने और फिर उस पर जानलेवा हमला कर अधमरा करने का मामला सामने आया है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित युवक को घायल अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोपा में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत को गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल में रेफर कर दिया। बता दें कि पीड़ित युवक की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। पीड़ित युवक का आरोप है कि मामला पैसों के लेनदेन का था। पीड़ित को फैसला करने के बहाने पंचायत में बुलाया गया था। पहले उसे भरी पंचायत में जूते मारे गए और फिर घर जाने के बाद उस पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया। घटना के बाद पुलिस ने फजीहत से बचने के लिए मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश देनी शुरू कर दी है।
दरअसल, मामला थाना भोपा क्षेत्र के गांव जोली का है। जहां रुपयों के लेनदेन को लेकर गांव के ही एक युवक इसरार पुत्र शेर अली के साथ गांव के ही एक व्यक्ति से झगड़ा हो गया। आरोप है कि इस झगड़े को निपटाने के लिए गांव में ही एक पंचायत बुलाई गई। पंचायत में पंचों ने तुगलकी फरमान सुनाते हुए इसरार को भरी पंचायत में जूते मारने की सजा सुनाई। इसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया। इसरार का आरोप है कि आरोपी उसे पंचायत में जूते मारने के बाद भी संतुष्ट नहीं हुए। जब वह घर चला गया तो 10-12 लोगों ने उसके घर पर हमला बोल दिया और उसे लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। यही नहीं आरोपियों ने पीड़ित को धारदार हथियार मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना की सूचना पुलिस तक पहुंची तो पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित को घायल अवस्था में इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोपा में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत को गंभीर देखते हुए जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। घायल युवक इसरार के पिता शेर अली ने आरोपी अफजाल, हन्नान, ताजीम, सलीम व गुलजार के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज करायाा है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों गिरफ्तारी के कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी हन्नान ने इसरार से 50 हजार रुपये उधार लिए थे। इसरार ने आरोपी से अपने रुपए वापस मांगे तो इसी बात को लेकर झगड़ा हो गया।
Published on:
21 Nov 2018, 9:17 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.