
मुन्ना बजरंगी की हत्या करने वाले सुनील राठी के बदमाश को पुलिस ने मारी गोली
शामली. पूर्वांचल के डॉन मुन्ना बजरंगी की जेल में हत्या के आरोपी वेस्ट यूपी के कुख्यात बदमाश सुनील राठी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। दरअसल, सुनील राठी गैंग के सदस्य से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद संजय नाम के शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। बदमाश के कब्जे से अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। पकड़ा गया बदमाश जेल में बंद कुख्यात अमित सरनावली के साथ मिलकर दिल्ली के व्यापारियों से रंगदारी वसूली करता था। पुलिस फिलहाल पकड़े गए बदमाश से पूछताछ में जुटी हैं।
जानकारी के अनुसार, शामली की थाना आदर्श मंडी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वेस्ट यूपी के चर्चित बदमाश सुनील राठी का गुर्गा संजय शामली में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के इरादे से करोड़ी गांव के मोड़ पर खड़ा हुआ है। सूचना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में थाना अध्यक्ष सुनील कुमार सरोहा टीम के साथ मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंचे तो बदमाश ने पुलिस टीम को देखते ही गोली चला दी, जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। हालांकि बदमाश पुलिस की गोली से बाल-बाल बच गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम संजय राठी उर्फ सोनू पुत्र बिजेन्द्र निवासी बिजवाड़ा थाना बिनौली जिला बागपत बताया है। आरोपी बदमाश कुख्यात सुनील राठी गैंग का सदस्य है। जिसने दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद कुख्यात बदमाश अमित सरनावली के भाई विनीत के साथ मिलकर दिल्ली के थाना ज्योतिनगर निवासी एक व्यापारी से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। आदर्शमंडी थाना प्रभारी सुनील कुमार सरोहा ने बताया कि पकडे गए बदमाश पर दिल्ली के इन्द्रापुरम थाने में भी कई रंगदारी न देने पर फायरिंग के मामले दर्ज हैं। बदमाश के पास से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी बदमाश से पूछताछ शुरू कर दी है। पूछताछ के बाद और भी कई बड़े खुलासे होने की संभावना है।
Updated on:
5 Nov 2018, 11:31 AM IST
Published on:
5 Nov 2018, 11:31 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.