
मुजफ्फरनगर. इजरायल में मिस यूनिवर्स (Miss Universe) का खिताब जीतकर हरनाज संधू (Harnaaz Sandhu) ने पूरे देश का नाम रोशन किया है। हरनाज संधू की सफलता पर न केवल उनके परिवार के लोग गर्व कर रहे हैं, बल्कि उनके जानने वाले भी फूले नहीं समा रहे हैं। उनके जानने वालों का कहना है कि हरनाज संधू ने यूं ही यह मुकाम हासिल नहीं किया है। इसके लिए उन्होंने कड़ी मेहनत और तपस्या की है। हरनाज संधू के योग गुरु डॉ. अमृत राज कहते हैं कि इजरायल में प्रतियोगिता के अंतिम राउंड में जाने से पहले भी उन्होंने हरनाज से बात की थी। उन्होंने बताया कि हरनाज संधू की सफलता के पीछे कड़ी मेहनत के साथ योग और ध्यान की बड़ी भूमिका है। संधू की कामयाबी से डॉ. अमृत राज बेहद खुश हैं। वह कहते हैं कि संधू कोई भी कार्य एकाग्रता के साथ ही करती हैं।
बता दें कि मुजफ्फरनगर के आर्य समाज रोड रहने वाले डॉ. अमृत राज उत्तराखंड के ऋषिकेश में योग क्लास चलाते हैं। डॉ. राज के पिता डॉ. राकेश अग्रवाल के साथ भाई डॉ. अर्जुन राज भी योग और चिकित्सा से जुड़े हैं। डॉ. राज ने बताया कि मिस यूनिवर्स हरनाज संधू ने उन्हीं के पास योग और ध्यान की क्लास ली हैं। डॉ. राज ने बताया कि संधू उनकी सबसे अच्छी शिष्या हैं। संधू इजरायल जाने के बाद भी उनसे ध्यान-योग को लेकर बात कर रहीं थीं। हरनाज संधू के मिस यूनिवर्स बनने पर डॉ. राज गर्व महसूस कर रहे हैं और बेहद खुश भी हैं।
हर टास्क पूरा करती हैं हरनाज
डॉ. राज ने बताया कि हरनाज ने ऐसे ही मिस यूनिवर्स का खिताब अपने नाम नहीं किया है। इसके लिए उन्होंने अपना लक्ष्य तय कर कड़ी मेहनत की है। उन्होंने बताया कि क्लास में वह जो भी बताते थे, हरनाज हमेशा उसे पूरा करतीं। संधू ने कभी भी कोई बहाना बनाकर क्लास मिस नहीं की। योग गुरु डॉ. राज ने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान लॉकडाउन में भी हरनाज ने वर्चुअल क्लास की। वह हमेशा क्लास में उपस्थित रहती हैं। योग गुरु कहते हैं कि उनका परिवार हमेशा युवाओं को हंसने के लिए प्रेरित करता है, क्योंकि हंसी ही चेहरे का सबसे बड़ा आभूषण है।
सोशल मीडिया का कम ही इस्तेमाल करती हैं संधू
डॉ. राज ने बताया कि हरनाज संधू हमेशा सात्विक भोजन खाने में यकीं रखती हैं। वह रोजाना सुबह जल्दी उठती हैं। वह रोजाना कुछ ना कुछ अच्छा सीखकर अपनी आदत में शामिल करती हैं। हरनाज संधू बहुत ही संस्कारी हैं, वह हमेशा बड़ों का आशीर्वाद प्राप्त करती हैं। उन्हें वाहे गुरु पर अटूट भरोसा है। आजकल की पीढ़ी की तरह वह सोशल मीडिया प्लेटफार्म का ज्यादा इस्तेमाल नहीं करती हैं।
Published on:
15 Dec 2021 12:30 pm
