
60 साल के राकेश साह और 28 साल की शाइस्ता परवीन
Bihar News:बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र से इश्क की एक ऐसी कहानी सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में हलचल मचा दी है। 28 साल की टीचर शाइस्ता परवीन को अपने स्कूल के 60 साल के संचालक राकेश साह से प्यार हो गया। दोनों पहले से शादीशुदा थे, लेकिन उनका प्यार इतना परवान चढ़ा कि धर्म और उम्र की दीवार को पार करते हुए उन्होंने 18 फरवरी को घर छोड़ दिया और बाद में नेपाल में शादी कर ली। मामला सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का बाजार गर्म है।
जानकारी के मुताबिक, औराई के रहने वाले राकेश साह इलाके में एक प्राइवेट स्कूल चलाते हैं। शाइस्ता परवीन उसी स्कूल में टीचर थीं। बताया जाता है कि स्कूल के समय में ही उनकी बातचीत बढ़ी और नजदीकियां धीरे-धीरे प्यार में बदल गईं। राकेश साह 60 साल के हैं और चार बच्चों के पिता हैं। उनका भरा-पूरा परिवार है। बताया जा रहा है कि शाइस्ता भी शादीशुदा हैं और उनके बच्चे भी हैं। 32 साल की उम्र के अंतर और अलग-अलग समुदायों से होने के बावजूद, दोनों ने साथ रहने का फैसला किया।
18 फरवरी को राकेश और शाइस्ता दोनों अचानक से अपने-अपने घर से गायब हो गए। परिवार वालों ने काफी ढूंढा लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इस बीच, सोशल मीडिया के जरिए उनकी शादी की तस्वीरें सामने आई, जिससे पता चला कि उन्होंने नेपाल के जनकपुर धाम में शादी की है।
कुछ दिनों बाद, सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया जिसमें शाइस्ता ने कहा कि उसने अपनी मर्जी से शादी की है और वह जहां भी है खुश है। वीडियो में, उसने सभी से उसके नए पति के परिवार को परेशान न करने की भी अपील की। हालांकि, स्थानीय पुलिस ने इस वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद गांव में माहौल तनावपूर्ण हो गया है।
भले ही शाइस्ता अपनी मर्जी से शादी करने की बात कह रही हैं, लेकिन उनके परिजनों ने इस रिश्ते को स्वीकार करने से इनकार कर दिया है। शाइस्ता के भाई फैसल इमाम अशरफ ने औराई थाने में सात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। आरोपियों में राकेश कुमार साह, राकेश की पत्नी विमल देवी, बेटी स्वीरी कुमारी, विशाल कुमार, सोनू कुमार, दिग्विजय कुमार और पुरुषोत्तम सिंह शामिल हैं।
दर्ज शिकायत में आरोप लगाया गया है कि राकेश साह ने उसकी बहन को शादी के इरादे से किडनैप कर लिया। शिकायत में राकेश साह की पत्नी और बेटी पर भी मिलीभगत का आरोप है। जबरन धर्म परिवर्तन का भी गंभीर आरोप लगाया गया है। शाइस्ता के भाई का कहना है कि उसकी बहन का अपहरण कर उसे जबरन हिंदू बना दिया गया है। उसने राकेश साह और उनके परिवार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही कहा कि उनकी बहन को जल्द से जल्द सकुशल बरामद किया जाए।
यह मामला दो अलग-अलग समुदायों से जुड़ा होने के कारण काफी सेंसिटिव हो गया है। गांव में दो गुटों के बीच तनाव को देखते हुए ईस्ट SDPO अलय वत्स के आदेश पर पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। औराई थाना इंचार्ज ने बताया कि FIR दर्ज कर ली गई है और कुछ संदिग्धों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं और उनकी डिटेल्स की जांच की जा रही है। फिलहाल, आरोपी स्कूल संचालक के घर और स्कूल पर ताला लगा हुआ है।
Published on:
22 Feb 2026 01:59 pm
बड़ी खबरें
View Allमुजफ्फरपुर
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
