
सड़क पर लेटा पिता
Muzaffarpur Missing Girl Case: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मुशहरी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले में न्याय न मिलने से हताश पिता का गुस्सा आखिरकार सड़क पर फूट पड़ा। अपनी बेटी के लापता होने के 10 दिन बीत जाने के बाद भी जब पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, तो पीड़ित पिता मुशहरी थाने के सामने ही मुख्य सड़क पर लेट गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया।
थाने के सामने सड़क पर लेटे पीड़ित पिता और उनके परिजनों ने मुशहरी थाना पुलिस पर संगीन आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि वे पिछले 10 दिनों से लगातार थाने और के चक्कर काट-काटकर थक चुके हैं, लेकिन हर जगह से उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है। परिजनों ने आरोप लगाया कि कार्रवाई करने के नाम पर उनसे पैसों (रिश्वत) की मांग की जा रही है। हालांकि, पुलिस के आला अधिकारियों द्वारा इस घूसखोरी के आरोप की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
बेटी के लापता होने के बाद से दर-दर भटक रहे इस परिवार का आरोप है कि पुलिस का रवैया शुरू से ही टालमटोल वाला रहा है। पीड़ित पिता के मुताबिक, घटना के इतने दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने उन्हें अब तक दर्ज की गई एफआईआर की कॉपी (प्रति) तक उपलब्ध नहीं कराई है। नियमानुसार केस दर्ज होते ही पीड़ित को एफआईआर की कॉपी मिलना उनका अधिकार है, लेकिन यहां न्याय की आस में भटक रहे परिवार को बुनियादी कानूनी कागजात के लिए भी तरसाया जा रहा है। इसी हताशा और गहरी निराशा के बीच पिता ने थाने के सामने सड़क पर लेटकर अपने स्तर से विरोध जताने का फैसला किया।
यह पूरा मामला मुशहरी थाना क्षेत्र के बिंदा गांव से जुड़ा है। इस घटना ने इसलिए भी तूल पकड़ लिया है क्योंकि पिछले महज 22 दिनों के भीतर इसी एक गांव से दो अलग-अलग नाबालिग लड़कियों के गायब होने का मामला सामने आ चुका है। एक ही इलाके में लगातार हो रही इन वारदातों के बाद से बिंदा गांव और आसपास के क्षेत्रों में भारी दहशत और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
Published on:
31 May 2026 02:20 pm
बड़ी खबरें
View Allमुजफ्फरपुर
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
