17 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पोते को पिटाई से बचा रहे थे दादा, बेटे ने पीट-पीटकर कर दी पिता की हत्या

Bihar Crime News: बिहार के मुजफ्फरपुर में एक बेटे ने अपने पिता की हत्या उस वक्त कर दी, जब उसके पिता ने अपने पोते को बेटे की पिटाई से बचाने की कोशिश की। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है और फिलहाल आरोपी बेटे की तलाश कर रही है।

2 min read
Google source verification
bihar crime news

सांकेतिक तस्वीर

Bihar Crime News:बिहार के मुजफ्फरपुर में एक बेटे ने अपने ही 68 साल के बुजुर्ग पिता को पीट-पीटकर मार डाला। बुजुर्ग का एकमात्र कसूर यह था कि उन्होंने अपने मासूम पोते को उसके पिता के गुस्से से बचाने के लिए बीच-बचाव किया था। घटना बोचहां थाना क्षेत्र के गराहों आउटपोस्ट इलाके के सनाठी गांव में हुई। मृतक की पहचान उसी गांव के बुजुर्ग निवासी महेश साहनी के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और परिवार की खुशियां मातम में बदल गई हैं।

बच्चे को बेरहमी से पीट रहा था

परिवार वालों के अनुसार, महेश साहनी का सबसे बड़ा बेटा मनोज साहनी किसी बात को लेकर अपने ही छोटे बेटे को बेरहमी से पीट रहा था। आरोपी मनोज गुस्से में इतना अंधा हो गया था कि वह बच्चे को जानवर की तरह पीट रहा था। मासूम बच्चे की चीखें और रोने की आवाजें सुनकर पास में मौजूद दादा महेश साहनी का दिल पसीज गया और वह खुद को रोक नहीं पाए। वह तुरंत मौके पर पहुंचे और अपने बेटे मनोज को डांटते हुए कहा कि बच्चे को इतनी बेरहमी से मत पीटो, उसे छोड़ दो।

पहले बांस से, फिर ईंट से सिर पर किया वार

अपने पोते को बचाने की यही कोशिश बेटे मनोज साहनी को इतनी नागवार गुजरी कि उसका गुस्सा अपने मासूम बच्चे से हटकर अपने बुजुर्ग पिता पर आ गया। आरोप है कि मनोज ने गुस्से में पूरी तरह से अपना आपा खो दिया, पास पड़ा एक बांस उठाया और अपने बुजुर्ग पिता पर हमला कर दिया। जब इससे भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ, तो उसने जमीन पर पड़ी एक भारी ईंट उठाई और अपने पिता के सिर पर दे मारा। भारी ईंट के वार से बुजुर्ग महेश साहनी का सिर फट गया, वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। घर में अफरा-तफरी मच गई, परिवार वाले उन्हें आनन-फानन में उठाकर अस्पताल की ओर भागे।

इलाज के दौरान हुई मौत

परिवार के सदस्यों ने तुरंत गंभीर रूप से घायल महेश साहनी को मुजफ्फरपुर के SKMCH अस्पताल में भर्ती कराया। उनकी हालत की गंभीरता को देखते हुए वहां के डॉक्टरों ने तुरंत उनके सिर का सिटी स्कैन करवाने की सलाह दी। हालांकि, परिवार का आरोप है कि गंभीर आर्थिक तंगी के कारण, वे समय पर सिटी स्कैन नहीं करवा पाए। नतीजतन, अंदरूनी चोटों के लिए समय पर जांच और इलाज न मिल पाने के कारण, बुज़ुर्ग की हालत लगातार बिगड़ती गई और अंततः इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

मां ने बेटे के खिलाफ दर्ज कराई FIR

अस्पताल में बुज़ुर्ग की मौत की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मृतक की पत्नी और आरोपी की मां नगीना देवी द्वारा दिए गए लिखित बयान के आधार पर, आरोपी बेटे मनोज साहनी के खिलाफ हत्या का नामजद FIR दर्ज कर लिया है।