
इस मांग को लेकर किसानों ने दी सरकार को चेतवानी
नागौर. समर्थन मूल्य पर मूंग बेचान का पंजीयन बंद किए जाने पर भडक़े काश्तकारों ने रैली निकाली, और कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। काश्तकारों का कहना था कि हाड़तोड़ मेहनत करने वाले किसानों के साथ अन्याय किया जा रहा है। दिनभर खेतों में मेहतन के बाद भी न तो उपज का वांछित मूल्य मिल पाती है, और न ही बुवाई की सुविधा। अब सरकार ने मूंग बेचान का पंजीयन बंद कर किसानों के साथ विश्वासघात किया है। काश्तकारों का धैर्य जवाब देने लगा है। अभी भी समय है पंजीयन शुरू कर दिया जाए नहीं तो फिर हजारों किसान सडक़ों पर नजर आएंगे। इसके बाद इन्हें संभालना मुश्किल हो जाएगा। दोपहर में करीब डेढ़ सौ की संख्या में प्रशासन मुर्दाबाद, मूंग पंजीयन शुरू करो के नारे लगाते हुए किसान कलक्ट्रेट पहुंचे तो एक साथ इतनी संख्या में किसानों को देखकर सुरक्षाकर्मियों ने भी अपना मोर्चा संभाल लिया।
काश्तकारों में जेड़ाराम, राजूराम, रामलाल, हरिराम, कैलाश, चैनाराम, बजरंग, मांगीलाल, अर्जुनराम, रिवकरण, धलाराम, मोटाराम, भगवानराम, मूलाराम, कानाराम, रामाकिशन, सूकाराम, परसाराम, हनुमान, भूराराम एवं भंवरलाल ने जिला कलक्टर को बताया कि न तो ईमित्रों में पंजीकरण किया जा रहा है, और न ही खरीद केन्द्रों पर। जाने पर कह दिया जाता है कि पंजीकरण बंद कर दिया गया। आखिरकार पिछले साल तो लगातार तीन माह न केवल पंजीकरण हुआ था, बल्कि खरीद भी की गई थी। इस वर्ष अब किसानों के साथ ऐसा व्यवहार क्यों किया जा रहा है। काश्तकारों ने कलक्टर को ज्ञापन दिए जाने के साथ ही सडक़ पर उतरने की चेतावनी भी दे डाली।
Published on:
25 Oct 2018 03:13 pm
