
सुनवाई न होने पर अब नागौर के किसान करेंगे गौरव यात्रा का विरोध
नागौर/खींवसर.
अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले उपखण्ड कार्यालय के सामने चल रहा किसानों का धरना सोमवार को भी जारी रहा। इस दौरान किसानों ने मांगें नहीं मानने तक आन्दोलन जारी रखने की चेतावनी दी है। किसान सभा जिला कमेटी के अध्यक्ष भागीरथ नेतड़ ने कहा कि सरकार किसानों की सुनवाई समय पर नहीं करती है तो गौरव यात्रा का विरोध किया जाएगा। इस मौके पर अखिल भारतीय किसान सभा के तहसील अध्यक्ष चुनाराम पालीयाल ने कहा कि यदि किसानों की वाजिब मांगें समय पर नहीं मानी जाती हैं तो किसान आन्दोलन को और तेज करेंगे।
किसान चैन से नहीं बैठेगा, आर-पार की लड़ाई लड़ेगा
इस दौरान किसान सभा के सचिव कंवराराम गोदारा ने कहा कि किसानों की सुनवाई नहीं कर सरकार ने किसान विरोधी नीतियों को उजागर किया है, लेकिन अब किसान चैन से नहीं बैठेगा और आर-पार की लड़ाई लड़ेगा। किसानों की मांगों को लेकर सोमवार को भाजपा नेता महेन्द्रसिंह बेनीवाल धरने पर पहुंचे तथा किसानों की मांगें सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को ज्ञापन भेजकर खींवसर में गोण कृषि मंडी खोलने का आग्रह किया है।
यह रहे मौजूद
महेन्द्रसिंह बेनीवाल ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री से प्राथमिकता से कृषि मण्डी खुलवाने की मांग की है। इस दौरान धरने पर बाबुराम बेनीवाल, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष सोनाराम फागोडिया, भागीरथ सोऊ, अनेशराम, एसएफआई के सुखराम कालीरावणा, रणजीत हटिला, बाबुराम मेघवाल, सतुराम ज्याणी आदि मौजूद थे।
सरकार के खिलाफ नारे लगाए
नाराज किसानों ने अखिल भारतीय किसान सभा के नेतृत्व में खींवसर गांव में आक्रोश रैली निकालकर रोष जताया। इस दौरान किसानों ने सरकार के खिलाफ नारे लगाए। हाथों में लाल झण्डे लिए किसान उपखण्ड कार्यालय से रवाना होकर मुख्य बाजार, बस स्टेण्ड होते हुए रैली निकाली। किसानों ने कहा कि सरकार अभी भी समय रहते चेत जाए नहीं तो किसान आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे। गौरतलब है कि इससे पहले भी किसान अपनी मांगों को लेकर श्रीगंगानगर में सीएम राजे की गौरव यात्रा का विरोध कर चुके हैं।
Published on:
11 Sept 2018 05:42 am
