
फोटो पत्रिका नेटवर्क
लाडनूं. (नागौर)। लाडनूं शहर में गुरुवार रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या करने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना सुजला कॉलेज तिराहे के पास रात करीब 10.15 बजे की है। राहगीरों ने खून से लथपथ युवक का शव पड़ा देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सरफराज (22) पुत्र उमर दीन तेली निवासी चांद नगर, सुजानगढ़ के रूप में हुई । युवक के पेट और छाती पर चाकू के कई वार के निशान मिले हैं। आरोपियों ने उसकी बेरहमी से हत्या की। घटनास्थल से पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया।
सूचना मिलते ही जसवंतगढ़ थानाधिकारी राजेश कुमार और लाडनूं थाना प्रभारी शम्भू दयाल मीणा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सीज कर साक्ष्य जुटाए। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई ।
पुलिस ने ‘टीम हारे का सहारा’ की मदद से शव को राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और पोस्टमार्टम की तैयारी शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक को किसी परिचित ने दावत के बहाने बुलाया था। उसके बाद इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी है।
जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक सरफराज को किसी जानकार ने मिलने और दावत के लिए बुलाया था। इसके बाद उसे सुनसान स्थान पर ले जाकर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। वारदात के पीछे आपसी रंजिश या अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। संदिग्धों की तलाश में जुटी है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और समाज के लोग सुजानगढ़ से लाडनूं पहुंच गए। आक्रोशित परिजनों ने राजकीय अस्पताल की मोर्चरी के बाहर धरना शुरू कर दिया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों का कहना है कि जब तक दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, वे धरना समाप्त नहीं करेंगे।
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से समझाइश की और जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने का भरोसा दिलाया। फिलहाल पुलिस विभिन्न एंगल से जांच कर रही है ।
Updated on:
24 Apr 2026 07:21 pm
Published on:
24 Apr 2026 07:20 pm
बड़ी खबरें
View Allनागौर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
