नागौर. ड्राइविंग करते समय मोबाइल पर बात करने वाले वाहन चालकों की जान तो खतरे में रहती ही है, लेकिन अब उनका लाइसेंस भी खतरे में पड़ सकता है। अब ऐसे वाहन चालक यातायात पुलिस से बच नहीं पाएंगे। यातायात पुलिस, परिवहन विभाग के साथ मिलकर लाइसेंस निलम्बित करने की कार्रवाई को अंजाम देगी। विशेष तौर पर मोबाइल पर बात करते हुए दुपहिया व चौपहिया वाहन चलाने वालों के चालान बनाए जाएंगे। ट्रैफिक पुलिस पहले संबंधित चालक की गाड़ी पर मोबाइल से बात करते हुए की फोटो लेगी और फिर चालान काटेगी। चालान की कॉपी ट्रैफिक पुलिस, परिवहन विभाग को भेजेगी। परिवहन विभाग की टीम वाहन चालक को बुलाकर पूछताछ करेगी और दोषी पाए जाने पर उसका लाइसेंस स्थाई रूप से निलंबित करेगी। एसपी के निर्देश पर ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए 2 मई से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। लाइसेंस रद्द करने की यह कार्रवाई ट्रैफिक पुलिस के मार्फत होगी। हेलमेट नहीं पहनने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।