
changemaker Rajaram prajapati
नावां (नागौर). नावां विधानसभा से भाजपा के सक्रिय नेता रहने के बाद अब टिकट की दावेदारी कर रहे पत्रिका अभियान के चेंजमेकर राजाराम प्रजापति से आगामी चुनाव को लेकर उनके विजन व मुद्दों को लेकर राजस्थान पत्रिका ने उनसे बात की।
प्रजापति ने बताया कि वे पिछले दस साल से राजनीति में सक्रिय हैं और क्षेत्र के विकास को लेकर प्रयासरत हैं। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर प्रजापति ने बताया कि उनकी प्राथमिकताओं में कुचामन को जिला बनाना प्रमुख और अहम कार्य होगा। जिससे क्षेत्र के लोगों की बरसों से चली आ रही मांग पूरी होगी और सबसे ज्यादा परेशानी झेल रहे नावां विधानसभा क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी।
शिक्षा को बढ़ावा देने का होगा प्रयास
राजाराम ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में कुचामन शिक्षा नगरी के रुप में आगे बढ़ रहा है, ऐसे में यहां पीएमटी, आईआईटी जैसे केन्द्र और केन्द्रीय विद्यालय खुलवाना जरुरी है। जिससे क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा मिले और रोजगार के मार्ग सुगम हों। राजकीय कॉलेज खुलवाने का प्रयास किया जाएगा।
नमक उद्योग को मिले प्रोत्साहन
नावां विधानसभा में मुख्य रोजगार है नावां का नमक उद्योग। इस उद्योग को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके और रोजगार का यह क्षेत्र विस्तृत हो सके। इसके अलावा यहां रीको इण्डस्ट्रीय एरिया खोलना भी आवश्यक है, जिससे दूसरे उद्योग धंधे भी स्थापित किए जा सके और लोगों को रोजगार मिल सके।
अजमेर के लिए सड़क मार्ग जरुरी
नावां से रुपनगढ़ मार्ग को खाखड़की से होते हुए सड़क मार्ग बनाना जरुरी है जिससे नावां से अजमेर का मार्ग सुगम हो सके। राजलिया, भांवता होते हुए रेनवाल तक सड़क निर्माण तैयार करना जरुरी है। पांचवा, चितावा, घाटवा होते हुए खाटूश्यामजी के लिए सड़क मार्ग तैयार करवाना जरुरी है।
चिकित्सा सुविधाओं का करेंगे विस्तार
कुचामन के चिकित्सालय में ब्लड बैंक के साथ ही चिकित्सालय विकास के लिए प्रयास करने के साथ ही यहां ऑपरेशन सुविधाओं के विस्तार के लिए कार्य किया जाएगा। नावां में चिकित्सालय को क्रमोन्नत करवाने के साथ ही यहां चिकित्सकों की नियुक्तियां करवाई जाएगी, जिससे क्षेत्र के लोगों को समय पर उपचार मिल सके।
Published on:
11 Oct 2018 10:35 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
