
loot
मेड़ता सिटी. शहर में मंगलवार दोपहर को एक और रुपए से भरा थैला चुरा ले जाने की बड़ी वारदात हो गई। पीडि़त ने सेंट्रल बैंक से 2 लाख 70 हजार रुपए निकलवा कर अपने थैले में डाले थे। बैंक से निकलने के बाद पड़ाव चौक में दुकान से खरीदारी करते वक्त बाइक के हेंडल पर टंगे थैले को दो बदमाश उठा ले गए। पीडि़त की नजर पड़ी तब तक दोनों चोर काफी दूर निकल चुके थे।
लाम्बा जाटान निवासी भीकाराम डिडेल पुत्र नेनाराम अपने गांव से मेड़ता सिटी बैंक से रुपए निकलवाने आया था। भीकाराम ने दोपहर साढ़े 12 बजे करीब शहर के सेंट्रल बैंक से 2 लाख 70 हजार रुपए निकलवाए थे और 100-100 रुपए की गड्डियों को अपने थैले में डालकर बैंक से बाहर निकल गया। बैंक से रुपए निकालने के बाद भीकाराम सब्जी मण्डी के पास स्थित पड़ाव चौक पहुंचा और दुकान से घरेलू सामान की खरीद-फरोख्त करने के लिए रुक गया। एक दुकान से सामान खरीदते वक्त दोपहर 1 बजे करीब दो बदमाश आए और भीकाराम की मोटरसाइकिल के हेंडल पर लटक रहे रुपए से भरे थैले को उठाकर भाग गए। भीकाराम की अचानक नजर पड़ी तब तक दोनों चोर काफी दूर तक भाग चुके थे। भीकाराम ने देखते ही शोर भी मचाया, मगर लोगों की नजर दोनों चोरों पर पड़ती इससे पहले दोनों चोर भाग गए थे।
पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी फुटेज
वारदात के बाद भीकाराम ने मेड़ता सिटी थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की पूरी जानकारी ली। इसके बाद पुलिस ने सेंट्रल बैंक और पड़ाव चौक के आसपास की दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए मामले की जांच शुरू की। जबकि भीकाराम ने 2 लाख 70 हजार रुपए से भरा थैला चोरी हो जाने के संदर्भ में मेड़ता सिटी थाना पुलिस में मामला दर्ज करवाया।
पीछा कर रहे थे
शहर में लगातार बढ़ रही चोरी वारदातों से व्यापारियों व शहरवासियों में रोष व्याप्त है। जिस तरह युवक का 2 लाख 70 हजार रुपए से भरा थैला चोरी हुआ, उससे साफ जाहिर है, कि दोनों चोर युवक के बैंक में घुसने से लेकर पैसे निकाल कर बाहर आने तक और बैंक से पड़ाव चौक स्थित बाजार तक युवक का पीछा कर रहे थे और पड़ाव चौक में मौका मिलते ही बाइक पर टंगा थैला लेकर भाग गए।
1 अगस्त को 1.39 लाख का थैला हुआ था चोरी
उल्लेखनीय है, कि शहर में इस सप्ताह बैंक से रुपए लेकन निकलने के बाद रुपए से भरा थैला चोरी हो जाने की दूसरी बड़ी वारदात है। इससे पहले 1 अगस्त को समदोलाव गांव निवासी चैनाराम पुत्र हापूराम भी चोरी की वारदात का शिकार हो चुका है। चैनाराम ने भी शहर की एसबीआई की मुख्य शाखा से 1 लाख 39 हजार रुपए निकवाए थे और थैले में डालकर मोटरसाइकिल से घर के लिए रवाना हुआ था, मगर घर पहुंचने से पहले ही रुपए से भरा थैला चोरी हो गया था।
Published on:
07 Aug 2018 10:05 pm
