
सिरोही-कांडला हाईवे पर 2 ट्रेलरों की आमने-सामने भिड़ंत के बाद लगी भीषण आग। फोटो: पत्रिका
नागाण/ सिरोही। सिरोही-कांडला हाईवे पर अनादरा थाना क्षेत्र में सिरोडी गांव के समीप शनिवार रात करीब 9 बजे दो ट्रेलरों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि हादसे के तुरंत बाद दोनों ट्रेलरों में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दोनों ट्रेलर धूं-धूं कर जल उठे। हाईवे पर दूर-दूर तक धुएं के गुबार छा गए। आग के बीच लगातार धमाकों की आवाजें आने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर अनादरा पुलिस माैके पर पहुंची। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी एकत्रित हो गए।
पुलिस के अनुसार अभी तक जानमाल के नुकसान का पता नहीं चल पाया है। हालांकि मौके पर दोनों ही ट्रेलरों के चालक-परिचालक नहीं मिले हैं। आग बुझने के बाद ही पला चल सकेगा। थानाधिकारी कमलेश गहलोत के नेतृत्व में पुलिस ने स्थिति को संभाला तथा लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा।
आग की तीव्रता और लगातार हो रहे धमाकों के कारण राहत एवं बचाव कार्य में भी सावधानी बरती गई। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस आग बुझाने के प्रयास में जुटी रही। देर रात तक आग पर काबू पाने और यातायात को सुचारु करने के प्रयास जारी थे।
पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से हाईवे पर दोनों ओर के वाहनों की आवाजाही रोक दी। इससे सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जिससे वाहनचालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक ट्रेलर का चालक हादसे के तुरंत बाद कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहा, जबकि दूसरे चालक के संबंध में देर रात तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। हालांकि कूदने वाला चालक भी मौके पर नहीं मिला।
इधर, नागौर शहर के बीकानेर रोड स्थित डीडवाना बायपास चौराहा पर बीकानेर की तरफ से आई तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार दो युवतियां को टक्कर मार दी। दोनों युवतियां गिरकर घायल हो गई। एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार दोपहर करीब पौने एक बजे कार चालक तेज रफ्तार से कार चलाता हुआ आया और चौराहा पर स्कूटी सवार दो युवतियों को चपेट में लेकर गलत दिशा में जाकर सामने से आ रही पिकअप गाड़ी से टकरा गया।
हादसे में कार का आगे का हिस्सा काफी क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन कार व पिकअप में सवार किसी के ज्यादा चोट नहीं लगी। हादसे में घायल हुई स्कूटी सवार भगवती व प्रियंका को स्थानीय लोगों ने ऑटो की मदद से जेएलएन अस्पताल पहुंचाया। वहां भगवती की हालत गंभीर होने पर उसे परिजन निजी अस्पताल ले गए।
Updated on:
12 Jul 2026 06:56 am
Published on:
12 Jul 2026 06:48 am
