
2 million looted from bank cashier
जायल (Nagaur). जायल-कठौती रोड पर बुधवार सुबह अज्ञात नकाबपोश युवकों ने हथियार की नोक पर बैंक कैशियर से 20 लाख रुपए लूट लिए। लूट की सूचना मिलने पर जायल थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा वारदात की जानकारी ली। इधर, नागौर एएसपी राजकुमार चौधरी भी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे तथा कैशियर से पूरी जानकारी ली।
पुलिस के अनुसार कठौती स्थित एसबीआई बैंक शाखा का कैशियर पुष्पेन्द्रसिंह राठौड़ रोजाना की भांति बुधवार सुबह साढ़े 10 बजे जायल एसबीआई बैंक से 20 लाख रुपए लेकर किराए की गाड़ी से ड्राइवर के साथ कठौती के लिए रवाना हुआ। कैशियर जायल से निकला ही था कि रास्ते में पीछे से आई सफेद रंग की बिना नम्बरी बोलेरो केम्पर गाड़ी ने कार को टक्कर मार दी। कार चालक ने गाड़ी को साइड में करने का प्रयास किया, इतने में ही बोलेरो चालक ने एक और टक्कर मार दी। बैंक कैशियर के अनुसार उन्होंने दुर्घटना के अंदेशे में गाड़ी रोककर नीचे उतरने का प्रयास किया, इसी दौरान बोलेरो केम्पर में सवार करीब 5-6 नकाबपोश युवकों में से 2-3 नीचे उतरकर तथा उन पर पिस्तौलनुमा हथियार तान दिया। पिस्तौल देकर बैंक कैशियर व ड्राइवर नकदी सहित गाड़ी वहीं छोड़कर भाग छूटे। पीछे से अज्ञात नकाबपोश युवक गाड़ी में रखे 20 लाख रुपए का बॉक्स व कैशियर का बैग, जिसमें बैंक लॉकर की चाबी व आईडी कार्ड रखे हुए थे, लेकर मौके से फरार हो गए। अज्ञात लुटेरों के भागने के बाद कैशियर व ड्राइवर ने कार के पास पहुंचकर बैंक शाखा प्रबन्धक व जायल पुलिस को सूचना दी।
मामला दर्ज, जिलेभर में नाकाबंदी
पुलिस उप अधीक्षक दिनेशसिंह रोहडिय़ा ने बताया कि कैशियर से लूट की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया। वहीं एसपी परिस देशमुख के निर्देश पर जिलेभर में नाकाबंदी करवाई गई। नागौर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजकुमार चौधरी भी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर कैशियर से घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद कैशियर की रिपोर्ट पर अज्ञात लूटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया।
ग्रामीण बैंकों में पहुंचने वाला कैश खतरे में
जायल-कठौती मार्ग पर बुधवार को दिनदहाड़े फिल्मी स्टाइल में बैंक कैशियर से हुई 20 लाख रुपए की लूट ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। कैशियर के साथ हुई लूट को लेकर पत्रिका ने पड़ताल की तो कई चौंकाने वाले पहलू सामने आए। ग्रामीण क्षेत्र की बैंकों में पहुंचने वाले कैश की सुरक्षा भगवान भरोसे ही है। अकेले बैंककर्मी बिना किसी गार्ड या सुरक्षा के लाखों रुपए इधर-उधर करते हैं। पत्रिका पड़ताल में सामने आया कि बैंकों में हर दिन सुबह बैंककर्मी कई किलोमीटर का सफर तय कर अपने स्तर पर ही कैश लाते हैं तथा शाम को जमा भी करवाने जाते हैं।
Published on:
22 Nov 2017 08:16 pm
बड़ी खबरें
View Allनागौर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
