
नर्मदापुरम. नगर पालिका शहर के बड़े बकायादारों से पैसा वसूलने के लिए अनोखा फंडा अपना सकती है, क्योंकि काफी समय बीतने के बावजूद भी वे पैसा जमा करने को तैयार नहीं है, ऐसे में बकाया बढ़ते हुए 10 करोड़ से ऊपर निकल गया है, इसी के चलते उन लोगों के नाम चौराहे पर लिखे जाएंगे, जिन्होंने पैसा जमा नहीं किया है, इन बकायादारों में कई नाम ऐसे भी आएंगे, जो शहर के मशहूर, नामी और प्रसिद्ध व वरिष्ठ लोग हैं।
नगर पालिका को इस वित्तीय वर्ष में 10 करोड़ से ज्यादा की वसूली करना है। इसमें 350 बड़े बकायादार ऐसे हैं जिन पर 50 हजार से ज्यादा बकाया हैं। वहीं साढ़े तीन हजार से ज्यादा छोटे बकायादार हैं। कर्मचारी वसूली के लिए जाते हैं तो बकायादार अपने रसूख का रौब दिखाकर बकाया राशि नहीं दे रहे हैं।
ये बात शनिवार को नगर पालिका में हुई राजस्व समिति की बैठक में कर्मचारियों ने राजस्व समिति की सभापति निर्मला राय से कही। कर्मचारियों ने मांग की है कि यदि बड़़े बकायादारों के नाम सार्वजनिक किए जाएं तो ही करोड़ों की वसूली हो सकती है। इनके नाम नगर पालिका कार्यालय के साथ ही सतरास्ते पर भी चस्पा की जाएं। बैठक में कार्यालय अधीक्षक डॉ. प्रशांत जैन, राजस्व निरीक्षक पंकज बरगले, दाताराम सगर, मनोहर सराठे सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
इन प्रस्तावों पर भी लगी मुहर
-दीपावली बाजारा एसएनजी स्टेडियम में और पटाखा बाजार गुप्ता ग्राउंड में लगेगा।
-नगर पालिका की शेष रही दुकानों की नीलामी होगी।
-नाव घाट के ठेके और बाजार बैठकी के ठेके की अनुशंसा की गई।
-नगरीय क्षेत्र में भवन भूमि के नामांकरण की अनुशंसा की गई।
बैठक में समिति सदस्यों सेे सुझाव लिए गए हैं। बड़े बकायादारों के नाम सार्वजनिक करने का सुझाव आया है। सभी प्रस्तावों को परिषद की बैठक में रखा जाएगा।
-निर्मला राय, सभापति, राजस्व समिति
Published on:
09 Oct 2022 09:39 am
