
फोटो में दिल्ली आप प्रेसिडेंट सौरभ भारद्वाज और आप नेता दीपक सिंगला (इमेज सोर्स: ANI)
Saurabh Bhardwaj Statement: आम आदमी पार्टी (AAP) के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने AAP नेता दीपक सिंगला की ED द्वारा गिरफ्तारी पर केंद्र सरकार और जांच एजेंसियों पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही ED, आम आदमी पार्टी के नेताओं पर कार्रवाई शुरू कर देती है।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि 2022 से लेकर 2024 तक AAP के कई बड़े नेताओं जैसे सत्येंद्र जैन, मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और हमारे लीडर अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया। उनके मुताबिक, चुनाव खत्म होने के बाद कार्रवाई धीमी पड़ गई।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अब पंजाब और गोवा चुनाव को देखते हुए ED, CBI और इनकम टैक्स विभाग AAP नेताओं और सांसदों पर लगातार छापेमारी कर रहे हैं।
इसके बाद, उन्होंने आगे कहा- “अब जब बंगाल चुनाव खत्म हो गए हैं, तो अब हमारा फोकस पंजाब और गोवा में आने वाले चुनावों पर शिफ्ट हो गया है; इसलिए, ED अब पंजाब में हमारे MPs पर रोजाना रेड कर रही है। मिस्टर सिंगला के साथ भी यही पैटर्न अपनाया गया, पहले रेड की गई। बात नहीं बनी तो उन्होंने फिर से रेड की और अरेस्ट किया।"
वहीं AAP विधायक कुलदीप कुमार ने दीपक सिंगला की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे राजनीतिक दबाव से जुड़ी कार्रवाई बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सिंगला ने BJP में शामिल होने से इनकार किया था, इसलिए उनके घर पर छापेमारी की गई। कुलदीप कुमार ने कहा कि BJP लोगों को डराने और दबाव बनाने की राजनीति कर रही है।
वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार को दीपक सिंगला को कथित बैंक फ्रॉड और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया। अधिकारियों के मुताबिक, सिंगला पर दिल्ली और गोवा के बीच AAP के लिए हवाला के जरिए पैसों के लेनदेन का आरोप है। जांच एजेंसी का दावा है कि दीपक सिंगला ने अपने परिवार के कुछ सदस्यों के साथ मिलकर ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स के साथ धोखाधड़ी की।
ED के अनुसार, कथित तौर पर पैसे सिंगापुर की कंपनियों में भेजे गए और बाद में हवाला के जरिए भारत वापस लाए गए। इसी मामले में ED ने दिल्ली स्थित उनके घर पर छापेमारी भी की।
AAP नेता दीपक सिंगला को मनी लॉन्ड्रिंग के एक कथित केस में ED द्वारा गिरफ्तार किए जाने पर BJP के नेशनल मीडिया इंचार्ज यासर जिलानी ने कहा, "चोर आखिर चोर ही होता है। अरविंद केजरीवाल का पूरा खानदान चोरों का है। पहले वो खुद सामने आए और अब उनके चेले सामने आ रहे हैं। दीपक सिंगला भी उसी चेन की एक कड़ी है… अगर अरविंद केजरीवाल सच में ईमानदार हैं, तो सिंगला को तुरंत पार्टी से निकाल देना चाहिए। आपका हर एक नेता करप्शन में शामिल है; आपने कैसा खानदान बनाया है?… अब जब एजेंसियां उनकी जांच कर रही हैं, तो उनकी चोरी की करतूतें सामने आ रही हैं…"
Updated on:
18 May 2026 09:56 pm
Published on:
18 May 2026 09:56 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
