
जयपुर: शहीद स्मारक पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान समर्थकों को संबोधित करते सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके। (फोटो: आईएएनएस)
Abhijeet Deepke Attack: जयपुर में सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके पर हमला कर दिया गया। प्रदर्शन स्थल पर पहुंचते समय समर्थक उन्हें कंधों पर बैठाकर शहीद स्मारक की ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान भीड़ में मौजूद दो युवक उनके करीब पहुंचे और उन पर थप्पड़ जड़ दिए।
हमले की घटना के बाद अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो जारी कर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सोमवार का प्रदर्शन काफी बड़ा और सफल रहा, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। दीपके ने कहा कि उनका शांतिपूर्ण आंदोलन लगातार मजबूत हो रहा है और लोगों का समर्थन दिन-ब-दिन बढ़ रहा है।
हमले को लेकर उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं उन्हें डराने-धमकाने और उनके आंदोलन को उसके मूल मुद्दे से भटकाने की कोशिश हैं। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि उनका संगठन अपने एजेंडे से पीछे हटने वाला नहीं है।
दीपके ने कहा कि उनका एकमात्र मुद्दा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा है। उनका आरोप है कि लाखों छात्रों के साथ अन्याय हुआ है और इसी कारण धर्मेंद्र प्रधान को पद छोड़ना चाहिए।
उन्होंने कहा कि चाहे उन पर एक बार हमला हो या दस बार, चाहे एक थप्पड़ मारा जाए या दस, वे अपनी मांग उठाना बंद नहीं करेंगे। दीपके ने कहा कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है और वे किसी भी परिस्थिति में हिंसा का जवाब हिंसा से नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि उनका संगठन शांति और प्रेम के रास्ते पर चलते हुए अपने आंदोलन को आगे बढ़ाता रहेगा।
अभिजीत दीपके ने साफ संकेत दिए कि उनका आंदोलन आगे और तेज होने वाला है। समर्थकों को संबोधित करते हुए उन्होंने 20 जून को दिल्ली कूच का ऐलान किया और कहा कि इस बार उनका जत्था अपनी मांग पूरी कराए बिना वापस नहीं लौटेगा। उन्होंने मंच से 'दिल्ली चलो' का नारा भी दिया, जिसे प्रदर्शनकारियों ने जोरदार समर्थन के साथ दोहराया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान के साथ प्रदर्शन का समापन किया गया।
Updated on:
15 Jun 2026 07:37 pm
Published on:
15 Jun 2026 07:02 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
