31 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

TMC सांसद अभिषेक बनर्जी पर अटैक के बाद बंगाल की मंत्री अग्निमित्रा पॉल का आया बयान, कहा- BJP का कोई हाथ नहीं

TMC MP Abhishek Banerjee Attack: पश्चिम बंगाल में टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर हमले के बाद सियासी घमासान तेज हो गया है। भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल ने घटना के लिए टीएमसी की राजनीति को जिम्मेदार ठहराया, जबकि ममता बनर्जी ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

2 min read
Google source verification
Agnimitra Paul Statement

अभिषेक बनर्जी पर हुए अटैक पर मंत्री अग्निमित्रा पॉल की आई प्रतिक्रिया (Photo-IANS)

Abhishek Banerjee Attack: पश्चिम बंगाल में टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। अब इस पर शुभेन्दु सरकार में मंत्री अग्निमित्रा पॉल का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि यह घटना पिछले 15 वर्षों में हुई पुलिसिया ज्यादती और सत्ता के अहंकार के खिलाफ जनता के गुस्से का परिणाम हो सकती है।

‘बीजेपी की कोई भूमिका नहीं’

इस दौरान उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि घटना में बीजेपी की कोई भूमिका नहीं है। उन्होंने कहा कि जो कुछ अभिषेक बनर्जी के साथ हुआ वह गलत है। हम हमेशा लोगों से कानून अपने हाथ में न लेने की अपील करते हैं। लेकिन आज जो स्थिति बनी है, उसके लिए अभिषेक बनर्जी खुद जिम्मेदार हैं।

मंत्री पॉल ने TMC पर लगाया आरोप

वहीं मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने टीएमसी नेताओं पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तृणमूल कांग्रेस के नेताओं ने लंबे समय तक सत्ता के अहंकार में राजनीति की है। उन्होंने कहा कि आज लोग उनके खिलाफ अंडे और जूते फेंक रहे हैं, घर के बाहर विरोध कर रहे हैं। जनता ने दिखा दिया है कि सत्ता स्थायी नहीं होती। भाजपा का इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है।

ममता बनर्जी पर बीजेपी पर लगाए गंभीर आरोप

वहीं भतीजे अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले को लेकर पूर्व सीएम ममता बनर्जी ने बीजेपी पर आरोप लगाए। अस्पताल में अभिषेक बनर्जी से मुलाकात के बाद ममता बनर्जी ने दावा किया कि सत्ता पक्ष अस्पतालों पर दबाव बना रहा है ताकि अभिषेक को उचित इलाज न मिल सके।

ममता ने कहा कि जो लोग सत्ता में हैं, वे अस्पताल प्रशासन और अधिकारियों को धमका रहे हैं कि अभिषेक बनर्जी को भर्ती न किया जाए। अस्पताल प्रशासन ने मुझे बताया कि उन्हें पुलिस की ओर से धमकी भरे फोन आ रहे हैं।

क्या है पूरा मामला 

बता दें कि विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद दक्षिण 24 परगना के सोनापुर इलाके में हिंसा हुई थी। इससे प्रभावित लोगों से मिलने के लिए सांसद अभिषेक बनर्जी मिलने गए थे। इस दौरान उन पर हमला हुआ। घटना के बाद उन्हें कोलकाता के अस्पताल में भर्ती कराया गया।

हमले के बाद सांसद बनर्जी का बयान भी सामने आया था। उन्होंने इसे बीजेपी द्वारा प्रायोजित बताया था। सांसद बनर्जी ने कहा कि उनकी हत्या की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। हम इस मामले को हाईकोर्ट और राज्यपाल के सामने उठाएंगे तथा अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे।