
फुकेत-दिल्ली एयर इंडिया फ्लाइट में 14 लोग घायल | फोटो सोर्स-X(@Abhishek4media)
Air India Turbulence News: फुकेत (थाईलैंड) से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विमान तेज टर्बुलेंस की चपेट में आने के बाद अचानक करीब 300 फीट नीचे आ गया। इस जोरदार झटके से विमान में सवार यात्रियों और केबिन क्रू के बीच अफरा- तफरी मच गई। हादसे में 10 यात्री और 4 क्रू मेंबर घायल हो गए। विमान ने हालांकि सुरक्षित रूप से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंडिंग की, जहां घायलों को तुरंत चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई।
मिली जानकारी के मुताबिक, यह हादसा एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 में हुआ। हादसा उस समय हुआ जब प्लेन अपनी नॉर्मल ऊंचाई पर उड़ रहा था, तभी अचानक हवा का एक तेज बहाव (टर्बुलेंस) आया। पायलट ने बताया कि इसी वजह से प्लेन अचानक संतुलन खोकर करीब 300 फीट नीचे गिर गया। उस वक्त जिन यात्रियों ने सीट बेल्ट नहीं बांधी थी या या जो क्रू मेंबर्स वॉकवे में मौजूद थे, वे अपनी जगह से उछलकर टकरा गए और उन्हें चोटें आ गईं।
राहत की बात यह रही कि इस बड़े झटके के बाद भी पायलटों ने तुरंत स्थिति को संभाल लिया। फ्लाइट के दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGIA) पहुंचने से पहले ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी जानकारी दे दी गई थी। सुबह करीब 11:15 बजे जब फ्लाइट दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरी, तो मेडिकल टीमें पहले से ही रनवे पर तैयार थी।
लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद घायल हुए 14 लोगों को तुरंत एयरपोर्ट के मेडिकल सेंटर ले जाया गया, जहां उन्हें फर्स्ट-एड दी गई। एयरलाइन के प्रवक्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि 4 अगस्त को फुकेत से दिल्ली आ रही उड़ान में अचानक हवा के झटके (टर्बुलेंस) की वजह से प्लेन थोड़ा नीचे आ गया था। प्लेन दिल्ली में सुरक्षित उतर गया है। हमारे लिए यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सबसे पहले है। घायलों का इलाज कराया जा रहा है और मामले की जांच में अधिकारियों का पूरा सहयोग किया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, किसी को भी बेहद गंभीर चोट नहीं आई है, लेकिन एहतियात के तौर पर कुछ यात्रियों को विस्तृत जांच के लिए नजदीकी अस्पताल रेफर किया गया है।
Updated on:
04 Aug 2026 02:17 pm
Published on:
04 Aug 2026 02:05 pm
