
पप्पू यादव पर हमला करने वाला शख्स हैप्पी शर्मा | फोटो सोर्स- X(@pappuyadavjapl)
Pappu Yadav Attack: सांसद पप्पू यादव की दिल्ली में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में जमकर लात-घूंसे और चप्पलें चलीं, जिसके बाद सियासत गरमा गई है। इस घटना के तुरंत बाद पप्पू यादव ने सोशल मीडिया पर एक हमलावर की तस्वीर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से सीधा सवाल किया है। सांसद ने पूछा है कि आखिर उन्हें जान से मारने की सुपारी किसने दी है? सांसद का दावा है कि उन पर जानलेवा हमला किया गया है, वहीं दूसरी तरफ आरोपी हैप्पी शर्मा ने इन दावों को झूठा बताते हुए कहा है कि वह सिर्फ सवाल पूछने गया था।
घटना के बाद पप्पू यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक हमलावर की उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के साथ तस्वीर साझा करते हुए तीखे सवाल दागे। उन्होंने लिखा कि PM साहब और गृह मंत्री जी, बताइए किसने इसे मेरी सुपारी दी है? यूपी के CM और डिप्टी CM के साथ वाले इस लड़के ने मुझ पर जानलेवा हमला किया है। क्या इन्हें आपका सीधा संरक्षण प्राप्त है? अगर नहीं, तो तुरंत कार्रवाई हो।
पप्पू यादव का दावा है कि अगर वहां मौजूद लोग बीच-बचाव नहीं करते तो उनकी हत्या भी हो सकती थी। उन्होंने हमलावरों को बीजेपी से जुड़ा हुआ बताया और आरोप लगाया कि उनके बच्चों के घर तक भी धमकी देने वाले लोग पहुंच चुके हैं।
दूसरी तरफ इस मामले में नामजद और मौके से फरार आरोपी हैप्पी शर्मा ने अपने ऊपर लगे चाकू से हमले के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। एक मीडिया चैनल से बातचीत में हैप्पी शर्मा ने बताया कि सांसद के घर के बाहर कड़ी सुरक्षा थी और पुलिस चेकिंग के बाद ही हम अंदर गए थे। हमारे पास कोई हथियार नहीं था। हम सिर्फ यह पूछने गए थे कि वे सनातन और भगवान राम का अपमान क्यों कर रहे हैं? इतना कहते ही उनके समर्थकों ने हमें पीटना शुरू कर दिया। हैप्पी शर्मा ने कहा कि वे जल्द ही पुलिस के सामने सरेंडर करेंगे।
इस पूरे विवाद की शुरुआत शुक्रवार को संसद भवन से हुई थी। सांसद पप्पू यादव भगवा कपड़े पहनकर और साधु का भेष धारण कर संसद पहुंचे थे। वहां उन्होंने अयोध्या राम मंदिर में कथित चंदा चोरी को लेकर एक छोटा सा नाटक (स्किट) किया था, जिसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी नजर आए थे।
इस नाटक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद, वाराणसी में पप्पू यादव और राहुल गांधी के खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप में FIR भी दर्ज की जा चुकी है। इसी मामले पर अपनी बात रखने के लिए पप्पू यादव ने यह प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई थी, जिसमें यह हंगामा हो गया।
Updated on:
03 Aug 2026 08:11 am
Published on:
03 Aug 2026 07:37 am
