
बंगाल सरकार में मंत्री अग्निमित्रा पॉल(फोटो-IANS)
Ananta Maharaj Netaji controversy: पश्चिम बंगाल में नेताजी सुभाष चंद्र बोस को लेकर दिए गए बीजेपी के राज्यसभा सांसद नागेंद्र नाथ राय उर्फ अनंत महाराज के विवादित बयानों पर सियासत तेज हो गई है। राज्य सरकार द्वारा अनंत महाराज से बंग विभूषण सम्मान वापस लिए जाने के बाद अब बीजेपी नेता और राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने भी अपने ही पार्टी सांसद के बयान पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने साफ कहा कि नेताजी का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि अनंत महाराज राज्यसभा सांसद हैं, लेकिन वह बंगाल की पहचान से ऊपर नहीं हैं। उनके मुताबिक, अनंत महाराज का बयान व्यक्तिगत है और इसे न तो सरकार का बयान माना जा सकता है और न ही पार्टी का। उन्होंने कहा कि अगर किसी व्यक्तिगत बयान में नेताजी का अपमान किया जाता है तो इसे स्वीकार नहीं किया जाएगा। अग्निमित्रा पॉल ने आगे कहा कि नेताजी के अपमान पर बंगाल में रहने वाला कोई भी बंगाली चुप नहीं रहेगा। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर कोई ऐसे बयानों के जरिए लोगों को भड़काने या सड़कों पर राजनीति करने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उनका बयान ऐसे समय आया है जब राज्य सरकार ने बीजेपी सांसद अनंत महाराज से बंग विभूषण सम्मान वापस ले लिया है। सरकार ने कहा कि उनके बयान सम्मान की गरिमा, प्रतिष्ठा और उद्देश्य के अनुरूप नहीं हैं।
कूचबिहार से आने वाले राजवंशी नेता अनंत महाराज ने हाल के दिनों में नेताजी सुभाष चंद्र बोस को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। उन्होंने नेताजी को ‘युद्ध अपराधी’ बताया था और स्वतंत्रता संग्राम में उनके नेतृत्व के साथ-साथ आजाद हिंद फौज की भूमिका पर भी सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि आजादी में उनकी कोई भूमिका का कोई प्रमाण नहीं है।
विवाद बढ़ने के बाद पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बुधवार को नेताजी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां करने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा था कि कानून सभी के लिए समान है और सांसद, विधायक या किसी राजनीतिक दल से जुड़े व्यक्ति को भी इससे छूट नहीं मिलेगी। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर नेताजी के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों से उन्हें हटाने और माफी मांगने को भी कहा था। साथ ही पुलिस को ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
बंग विभूषण सम्मान वापस लिए जाने के कुछ ही घंटों बाद अनंत महाराज ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपने बयान पर खेद जताया। उन्होंने नेताजी के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि बोस के संबंध में उनके कुछ अनिच्छित बयानों से अगर किसी को मानसिक आघात पहुंचा है तो वह उसके लिए हृदय से दुखी हैं।
Updated on:
14 Aug 2026 04:01 pm
Published on:
14 Aug 2026 03:59 pm
