
Monsoon Session of the Parliament (Lok Sabha) (Photo: IANS)
Anti Paper Leak Bill Passed in Lok Sabha: लोकसभा ने बुधवार को पब्लिक एग्जामिनेशंस (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) संशोधन विधेयक, 2026 को ध्वनिमत से पारित कर दिया। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने विधेयक पर हुई चर्चा का जवाब दिया, जिसके बाद विपक्ष के हंगामे के बीच संशोधनों सहित बिल को मंजूरी मिल गई। अब यह विधेयक आगे की प्रक्रिया के लिए राज्यसभा में पेश किया जाएगा।
बिल पर चर्चा का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने विपक्ष पर राजनीतिकरण का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इतने महत्वपूर्ण विधेयक पर रचनात्मक सुझाव देने के बजाय इसे राजनीति का विषय बना दिया गया। उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के भाषण का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया गया, वह संसदीय परंपराओं के अनुरूप नहीं था। जितेंद्र सिंह ने कहा कि देश के युवाओं को 'मूर्ख' कहना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे गलत संदेश जाता है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी के भाषण को सुनकर उन्हें हैरानी हुई। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या विपक्ष के नेता को संसदीय कार्यवाही के बुनियादी नियमों की जानकारी है। जितेंद्र सिंह ने कहा कि संसद में चर्चा तथ्यों और मर्यादा के साथ होनी चाहिए लेकिन इस मुद्दे पर विपक्ष ने ऐसा नहीं किया।
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि 21 जुलाई को वह प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरने पर बैठे थे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा लग रहा था जैसे राहुल गांधी की इच्छा 7, लोक कल्याण मार्ग पहुंचने की थी। जब यह इच्छा पूरी नहीं हुई तो वह निराश होकर प्रधानमंत्री आवास के बाहर बैठ गए। उन्होंने कहा कि जब उन्हें वहां से हटने के लिए समझाया गया, तब भी उन्होंने वहां से हटाने की बात कही।
लोकसभा में विधेयक पर कई घंटों तक चर्चा चली जिसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। चर्चा समाप्त होने के बाद केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने विपक्ष की ओर से उठाए गए सवालों का जवाब दिया। इसके बाद स्पीकर ओम बिरला ने संशोधनों सहित पब्लिक एग्जामिनेशंस (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) संशोधन विधेयक, 2026 को ध्वनिमत से पारित होने की घोषणा की। बिल पारित होने के बाद सदन की कार्यवाही अगले दिन तक के लिए स्थगित कर दी गई।
Updated on:
29 Jul 2026 05:17 pm
Published on:
29 Jul 2026 03:35 pm
