
अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ से बिगड़े हालात (फोटो - All India Radio एक्स पोस्ट)
Arunachal Pradesh Floods: अरुणाचल प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और बादल फटने की घटनाओं ने हालात बेहद गंभीर बना दिए हैं। राज्य के कीयी पान्योर जिले में 24 जून को हुए भीषण क्लाउडबर्स्ट के बाद नेशनल हाईवे-13 का होज-पोटिन मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है, जिससे राज्य के सात जिलों का संपर्क बाकी हिस्सों से टूट गया है। इस आपदा में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है जबकि नौ लोग लापता बताए जा रहे हैं। लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण राहत और बहाली कार्यों में भी भारी दिक्कतें आ रही हैं। प्रशासन और बचाव एजेंसियां लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
NH-13 बंद होने से सबसे ज्यादा असर मध्य और अपर अरुणाचल प्रदेश के जिलों पर पड़ा है। यह मार्ग राज्य की सबसे महत्वपूर्ण लाइफलाइन माना जाता है, लेकिन कई जगह सडक बह जाने और पहाड खिसकने से यातायात पूरी तरह ठप है। पापुम पारे के डिप्टी कमिश्नर लोबसांग त्सेरिंग ने रविवार को भारी बारिश के बीच बहाली कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि होज-पोटिन मार्ग कई हिस्सों में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है और इसे दोबारा चालू होने में एक सप्ताह से अधिक समय लग सकता है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा नहीं करने की अपील की है।
कीयी पान्योर जिले में बादल फटने के बाद आई फ्लैश फ्लड और भूस्खलन ने बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया है। नॉर्थ ईस्टर्न इलेक्ट्रिक पावर कॉरपोरेशन (NEEPCO) कॉलोनी के 18 आवासीय क्वार्टर पूरी तरह तबाह हो गए। इस हादसे में तीन लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है जबकि दो अन्य लोगों की तलाश अभी भी जारी है। रविवार को पापुम पारे जिले से एक व्यक्ति का शव बरामद होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़ी। लगातार बारिश के चलते मलबा हटाने और सर्च ऑपरेशन में काफी परेशानी हो रही है।
लोअर दिबांग वैली जिले में सिसिरी नदी के उफान से अचानक बाढ जैसे हालात बन गए। तेज बहाव में नौ लोग लापता हो गए हैं। बचाव अभियान के दौरान एक रबर बोट भी तेज धारा में बह गई, जिसमें सर्च टीम के सात सदस्य और तीन बचाए गए लोग सवार थे। प्रशासन ने राहत अभियान तेज करते हुए नावों और तीन हाथियों की मदद से फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश शुरू की है। भारतीय वायु सेना (IAF) भी मंगलवार सुबह से हेलीकॉप्टर के जरिए सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद करेगी।
ईस्ट सियांग और लेपराडा जिलों में भी हालात लगातार बिगड़ रहे हैं। जिला प्रशासन के अनुसार ईस्ट सियांग में नौ प्रमुख सडक मार्ग पूरी तरह बंद या बह चुके हैं। लगातार हो रही बारिश से कई इलाकों में संपर्क टूट गया है और लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का काम जारी है। प्रशासन ने अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी दी है और संवेदनशील इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है। राज्य सरकार ने सभी जिलों के अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने और प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
Updated on:
29 Jun 2026 01:10 pm
Published on:
29 Jun 2026 12:47 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
