अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की घोषणा के बाद उनके उत्तराधिकारी को लेकर अटकलें तेज हो गई है। केजरीवाल ने यह साफ कर दिया कि पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया भी उनके साथ ही अपनी बेगुनाही साबित करने के लिए जनता की अदालत में जाएंगे। सिसोदिया इसी मामले में करीब एक माह पहले जेल से बाहर आए हैं। यानी, इन दोनों नेताओं के अतिरिक्त कोई सीएम की कुर्सी संभालेगा। सूत्रों का मानना है कि केजरीवाल पार्टी के बीच वर्चस्व की जंग से बचने के लिए अपनी धर्मपत्नी सुनीता केजरीवाल को आगे कर सकते हैं, लेकिन, परिवारवादी राजनीति को मुद्दा बना चुकी भाजपा को हमला करने का मौका देने से परहेज करते हुए आतिशी या सौरभ भारद्वाज पर दांव लगाया जा सकता है। हालांकि, हरियाणा चुनाव फायदा लेने के मद्देनजर जाट समुदाय से आने वाले कैलाश गहलोत की भी चर्चा शुरू हो गई है।