
Bengaluru Mechanic Murder Case (Image Source: Gemini)
Bengaluru Mechanic Murder: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां वसूली के लिए आए बदमाशों ने 50 हजार रुपये देने से इनकार करने पर एक मैकेनिक की उसके बच्चों के सामने ही बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
यह घटना बेंगलुरु के विल्सन गार्डन इलाके में रविवार रात करीब 9 बजे हुई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय रशीद पाशा के रूप में हुई है, जो पेशे से जीप मैकेनिक था। पुलिस के मुताबिक तीन आरोपियों ने पाशा पर बैट और बांस के डंडों से हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
जानकारी के अनुसार रशीद पाशा हाल ही में इलाके में अपनी नई दुकान बनवा रहे थे। रविवार को उन्होंने दुकान के लिए मोल्डिंग का काम भी करवाया था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उनसे 50 हजार रुपये ‘मामूल’ (प्रोटेक्शन मनी) के रूप में मांगे।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि सुबह इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई थी। बाद में रात में आरोपी फिर से मौके पर पहुंचे और दोबारा पैसे की मांग की। जब पाशा ने पैसे देने से इनकार कर दिया तो आरोपियों ने बैट और बांस के डंडों से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए।
सबसे दर्दनाक बात यह है कि यह पूरी घटना पाशा के दो छोटे बच्चों के सामने हुई, जो उस समय उनके साथ थे। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल पाशा को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए विक्टोरिया अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
सेंट्रल डिवीजन के डीसीपी अक्षय मचिंद्रा भी घटनास्थल पर पहुंचे और बताया कि अस्पताल से मेडिको-लीगल केस की रिपोर्ट मिली है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Updated on:
16 Mar 2026 05:39 pm
Published on:
16 Mar 2026 05:31 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
