
मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी और सीएम नीतीश पर साधा निशाना
Bihar Politics: बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने है। विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक पार्टियों के नेताओं का बिहार दौरा भी शुरू हो गया है। पिछले दिनों केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने बिहार का दौरा किया था। इसी बीच अब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे बिहार के दौरे पर है। रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) ने बक्सर में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा।
जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और सीएम नीतीश की जोड़ी सिर्फ कुर्सी के लिए है। ये दोनों बिहार और देश की भलाई के लिए नहीं, बल्कि दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों और किसानों को बर्बाद करने के लिए एक साथ आए हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने 18 अगस्त 2015 को लोगों से पूछा था कि बिहार के लिए कितने का पैकेज दूं? फिर उन्होंने बिहार को सवा लाख करोड़ रुपए का पैकेज देने का वादा किया था। मुझे लगता है, शायद आपको यह पैकेज मिल गया होगा, लेकिन सच ये है कि नरेंद्र मोदी की ये बात भी झूठी निकली।
बता दें कि जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी के 11 झूठ गिनाए। पीएम मोदी के झूठ गिनाने के बाद मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि नरेंद्र मोदी हमेशा झूठ ही बोलते हैं और वो झूठों के सरदार हैं।
इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने नेशनल हेराल्ड मामले का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि नेशनल हेराल्ड की पंडित जवाहरलाल नेहरू ने शुरुआत की थी। इसके अलावा, नवजीवन अख़बार और कौमी आवाज़ भी शुरू किया गया था। इन अख़बारों को शुरू करने का मकसद देश को आजाद कराना, देश की जनता को जागरुक करने और लोगों की आवाज अंग्रेजी हुकूमत तक पहुंचाने का था। नरेंद्र मोदी और अमित शाह इसी नेशनल हेराल्ड से जुड़े मामले को लेकर कांग्रेस पार्टी को डराना चाहते हैं, लेकिन हम न डरने वाले हैं, न ही झुकने वाले हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने सत्याग्रह आंदोलन भी बिहार के चंपारण से शुरू किया था। यह आंदोलन आजादी की लड़ाई से जुड़ा था। अब हम 'जय बापू, जय भीम और जय संविधान रैली' को लेकर इस महान धरती पर आए हैं, जो हमारा सौभाग्य है।
Updated on:
20 Apr 2025, 3:58 PM IST
Published on:
20 Apr 2025, 3:57 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.