21 मार्च 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राज्य सभा चुनाव में अपनी पार्टी को दिया था धोखा, 6 विधायकों पर तगड़ा एक्शन

ओडिशा में राज्य सभा चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों और क्रॉस वोटिंग के आरोप में बीजू जनता दल (बीजेडी) ने शनिवार को अपने छह विधायकों को निलंबित कर दिया।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Mukul Kumar

Mar 21, 2026

Rajya Sabha Elections 2026, Rajya Sabha polls voting today,

राज्य सभा। (Photo-X)

राज्य सभा चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों और क्रॉस वोटिंग के चलते ओडिशा में छह विधायकों पर कड़ा एक्शन हुआ है। बीजू जनता दल (बीजेडी) ने शनिवार को अपने छह विधायकों को निलंबित कर दिया।

बीजेडी की प्रेस रिलीज में कहा गया है कि पार्टी की अनुशासन समिति ने विधायकों द्वारा उन्हें जारी किए गए कारण बताओ नोटिस के जवाबों की जांच की। जिसमें पाया गया कि छह विधायकों ने BJD के संविधान के मूल सिद्धांत का उल्लंघन किया है।

नवीन पटनायक की अध्यक्षता में हुई बैठक

बता दें कि पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक बीजेडी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की अध्यक्षता में हुई।

बीजेडी की प्रेस रिलीज में यह भी कहा गया है कि जांच में यह पाया गया कि जिन विधायकों पर कार्रवाई हुई है, वे राज्य सभा के हालिया चुनाव में क्रॉस-वोटिंग सहित पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहे, इस वजह से उन्हें तत्काल प्रभाव से पार्टी से निलंबित किया जाता है।

इन विधायकों को किया गया निलंबित

निलंबित विधायकों में बालिगुडा से चक्रामणि कन्हार, जयदेव से नब किशोर मल्लिक, चौधरी-कटक से सौविक बिस्वाल, बास्ता से सुभाषिनी जेना, तिर्तोल से रमाकांत भोई और बांकी से देवी रंजन त्रिपाठी शामिल हैं।

ओडिशा में भाजपा ने दो सीटें जीतीं

राज्य सभा चुनाव में BJP ने ओडिशा से दो सीटें जीतीं, जबकि पार्टी समर्थित एक निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप राय भी निर्वाचित हुए। उधर, बीजेडी उम्मीदवार संतृप मिश्रा ने भी चुनाव में जीत दर्ज की।

वहीं, BJD, कांग्रेस और CPI (M) के समर्थन वाले उम्मीदवार दत्तेश्वर होता को हार का सामना करना पड़ा। चुनाव के बाद बीजेडी नेताओं ने BJP पर 'हॉर्स ट्रेडिंग' (विधायकों की खरीद-फरोख्त) में लिप्त होने का आरोप लगाया था।

हरियाणा में कांग्रेस का एक्शन

हरियाणा में हुए राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग को लेकर कांग्रेस ने पांच विधायक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। रतिया से कांग्रेस विधायक जरनैल सिंह को कांग्रेस की अनुशासन समिति ने नोटिस जारी किया।

इससे पहले हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी बीके हरीप्रसाद ने क्रॉस वोटिंग करने वाले चार विधायकों रेणु बाला, शैली चौधरी, मोहम्मद इलियाज और मोहम्मद इजराइल के नाम सार्वजनिक किए थे।

हरियाणा में कैसा रहा हाल?

बता दें कि हरियाणा में हुए राज्यसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस ने एक-एक सीट जीती थी। इस चुनाव के दौरान वोट की गोपनीयता के उल्लंघन और क्रॉस-वोटिंग की शिकायत देखने को मिली थी।

भाजपा के संजय भाटिया और कांग्रेस के करमवीर बौद्ध ने जीत दर्ज की थी। भाजपा समर्थित इंडिपेंडेंट कैंडिडेट सतीश नांदल को हार का सामना करना पड़ा।